
Rajasthan Weather Update: राजस्थान में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। राजस्थान के कई जिलों में तेज बारिश का दौर जारी है। झालावाड़ में लगातार बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात बन गए। वहीं आज बूंदी में लगातार 3 घंटे बारिश से कई इलाकों में पानी भर गया। बाजारों और दुकानों में भी बारिश का पानी घुस गया जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम को देखते हुए झालावाड़ जिले के सभी स्कूलों में आज कक्षा 1 से 12वीं तक के बच्चों की छुट्टी घोषित की गई।
झालावाड़ जिले में सोनवार को सुबह से ही बारिश का दौर शुरू हो गया था। करीब 7 घंटे तक रुक-रुककर तेज बारिश हुई। जिले के सुनेल में सबसे ज्यादा करीब 12 इंच बारिश दर्ज की गई। वहीं बकानी में करीब 11 इंच बारिश हुई। पिड़ावा में 10.5 इंच और झालरापाटन में करीब 6 इंच बारिश दर्ज की गई।
तेज बारिश के चलते कई जगह सड़कों पर पानी भर गया। बाजारों में भी जलभराव की स्थिति बन गई। दुकानों और मकानों में पानी घुसने से लोगों को काफी परेशानी हुई। कई निचले इलाकों में पानी का स्तर बढ़ने से प्रशासन को भी सतर्क रहना पड़ा।
बारिश के कारण जिले की नदियों और नालों में पानी का बहाव तेज हो गया है। कई जगह जलस्तर बढ़ने से लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। कालीसिंध-नवनेरा बांध के गेट भी खोले गए हैं। प्रशासन की टीमें जलभराव और प्रभावित क्षेत्रों पर नजर बनाए हुए हैं। लगातार बारिश के कारण कई रास्तों पर भी पानी जमा हो गया। इससे वाहन चालकों और राहगीरों को परेशानी हुई। प्रशासन की ओर से लोगों से नदी-नालों और तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।
झालावाड़ जिले में भारी बारिश और मौसम की स्थिति को देखते हुए मंगलवार को कक्षा 1 से 12वीं तक के स्टूडेंट्स का अवकाश घोषित किया। प्रशासन ने बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ये फैसला लिया। हालांकि स्कूलों के शिक्षक और अन्य स्टाफ को लेकर प्रशासन की ओर से अलग निर्देश जारी किए हैं।
मौसम विभाग ने 11 अगस्त को राजस्थान के 25 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें बारां, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, झालावाड़ और कोटा में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। इन जिलों में तेज बारिश के साथ जलभराव और नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने की संभावना है। वहीं अजमेर, बांसवाड़ा, ब्यावर, दौसा, डूंगरपुर, जयपुर, करौली, प्रतापगढ़, राजसमंद, सलूंबर, सवाई माधोपुर, सिरोही, टोंक, उदयपुर बालोतरा, जालोर, जोधपुर, नागौर और पाली में भारी बारिश और तेज हवाओं का येलो अलर्ट जारी किया गया है।मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और नदी-नालों व जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहने की अपील की है।