झालावाड़

नामांतरण खोलने के मामले में 15 हजार की रिश्वत लेते पटवारी रंगे हाथों गिरफ्तार

- कड़ोदिया पटवार हल्के का मामला

less than 1 minute read

झालावाड़.एसीबी कोटा की टीम ने रायपुर तहसील के कड़ोदिया हल्का पटवारी को 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते सोमवार को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। एसीबी के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय स्वर्णकार ने बताया कि आरोपी पटवारी प्रहलाद कुमार गोस्वामी ने हकत्याग व नामांतरण करने की एवज में 20 हजार रुपए मांग कर परिवादी को परेशान कर रहा था।जिसमें से 15 हजार रूपए लेते हुए रंगे हाथों सोमवार को गिरफ्तार किया।


शिकायत का किया सत्यापन-
परिवादी द्वारा शिकायत देने के बाद बाद एसीबी कोटा के उप महानिरीक्षक कल्याणमल मीणा के सुपरविजन में एसीबी कोटा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय स्वर्णकार के नेतृत्व में शिकायत का सत्यापन किया गया। सोमवार को इंस्पेक्टर चन्द्र कंवर ने टीम के साथ रायपुर पहुंचकर किराए के मकान में पटवारी प्रहलाद कुमार गोस्वामी निवासी दादिया पट्टी जिला जयपुर को 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

कई दिनों से दे रहा था चक्कर-
परिवादी ने बताया कि उसके पिताजी का देहांत होने के बाद दोनों बहनों का हक त्याग कर नामांतरण खुलवाना था। लेकिन पटवारी प्रहलाद कुमार गोस्वामी कई दिनों से चक्कर लगा रहा था। पहले 20 हजार रुपए की बात हुई थी, लेकिन बाद में 15 हजार में पटवारी मान गया।

किराए के मकान से चला रहा था पटवार घर-
रिश्वत का आरोपी पटवारी अपने रायपुर स्थित गणपति रेजिडेंसी स्थित अपने किराए के कमरे से ही पटवार घर चला रहा था। ग्रामीणों को उनके काम के लिए रायपुर ही बुलाता था। ऐसे में कई दिनों से ग्रामीण परेशान हो रहे थे।

चल रही सर्च की कार्रवाई-
एसीबी कोटा की टीम पटवारी के किराए स्थित घर की तलाश ले रही है। वहीं एक टीम उसके मूल निवास दादिया गांव तहसील आंधी जिला जयपुर में भी तलाशी ले रही है। दोनों जगह सर्च की कार्रवाई पूरी होने के बाद ही इसका खुलासा हो सकेगा।

Updated on:
02 Sept 2024 09:30 pm
Published on:
02 Sept 2024 09:29 pm
Also Read
View All

अगली खबर