
Rajasthan Earthquake : झालावाड़ जिले के पिड़ावा उपखंड के नौलाई गांव और आस-पास के इलाके में सोमवार सुबह भूकम्प के झटकों से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। सुबह करीब ढाई घंटे के दौरान चार बार झटके महसूस किए गए। झटके इतने तेज थे कि कई घरों में बर्तन गिर गए। घबराए ग्रामीण घरों से बाहर निकल आए और काफी देर तक खुले में बैठे रहे। भूकम्प की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.0 आंकी गई है।
ग्रामीणों के अनुसार पहला झटका सुबह 7.15 बजे महसूस हुआ। इसके बाद 8.20 बजे, 8.45 बजे और 9.50 बजे फिर झटके महसूस किए गए। ग्रामीणों ने बताया कि सुबह 9.50 बजे आया झटका अपेक्षाकृत ज्यादा तेज महसूस हुआ। इसके बाद लोग एहतियात के तौर पर घरों के अंदर जाने से बचते रहे।
सूचना मिलते ही पिड़ावा तहसीलदार धनराज गोचर मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि नौलाई गांव में ग्रामीण फिलहाल घरों से बाहर बैठे हैं। आस-पास के भूरखेड़ी और बरखेड़ी गांवों में भी हल्के झटके महसूस होने की जानकारी सामने आई है। प्रशासन ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की है।
घटना की सूचना के बाद प्रशासन ने भी स्थिति की जानकारी जुटाई। झालावाड़ के जिला कलक्टर अजय सिंह राठौड़ ने बताया कि आपदा प्रबंधन विभाग ने नौलाई और आस-पास के गांवों में भूकम्प के झटकों की पुष्टि की है। भूकम्प की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.0 आंकी गई है। उन्होंने बताया कि भूकम्प से किसी तरह की जनहानि या अन्य नुकसान की सूचना नहीं है।
भूकम्प के झटकों के बाद नौलाई के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में एहतियातन बच्चों की छुट्टी कर दी गई। स्कूल के कार्यवाहक प्रधानाचार्य रामसिंह बैरवा ने बताया कि झटके महसूस होने के बाद बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए छुट्टी कर दी गई। घटना के बाद ग्रामीणों में अब भी दहशत का माहौल है।