झालावाड़

Jhalawar: झालरापाटन रेलवे स्टेशन पर वंदे भारत एक्सप्रेस का सफल ट्रायल, अब तकनीकी जांच जारी

Rajasthan News: झालावाड़ के झालरापाटन रेलवे स्टेशन पर इन दिनों वंदे भारत एक्सप्रेस का ट्रायल चल रहा है। ट्रेन का स्पीड टेस्ट सफलतापूर्वक पूरा हो चुका है और अब रेलवे की तकनीकी टीम सुरक्षा और अन्य जरूरी मानकों की जांच में जुटी है।
2 min read
Vande Bharat Trial In Jhalwar
ट्रायल का फोटो: पत्रिका

Vande Bharat Train Trial On Jhalrapatan Track: झालावाड़ जिले के झालरापाटन रेलवे स्टेशन पर इन दिनों वंदे भारत एक्सप्रेस का परीक्षण किया जा रहा है। भारतीय रेलवे ने इस आधुनिक ट्रेन के विभिन्न तकनीकी परीक्षणों के लिए झालरापाटन रेलवे स्टेशन को चुना है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार यहां ट्रेनों की नियमित आवाजाही, बेहतर ट्रैक और सिग्नल व्यवस्था होने के कारण यह स्टेशन परीक्षण के लिए उपयुक्त माना गया है। पिछले 2 दिनों से स्टेशन और आसपास के ट्रैक पर वंदे भारत एक्सप्रेस का ट्रायल जारी है, जिसे देखने के लिए स्थानीय लोगों में भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

अब तकनीकी जांच जारी

रेलवे अधिकारियों ने बताया कि वंदे भारत एक्सप्रेस की गति संबंधी परीक्षण प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर ली गई है। ट्रायल के दौरान ट्रेन की रफ्तार, ट्रैक पर उसकी स्थिरता और विभिन्न तकनीकी मानकों की जांच की गई। प्रारंभिक परीक्षण सफल रहने के बाद अब रेलवे की तकनीकी टीम ट्रेन के अन्य महत्वपूर्ण सुरक्षा मानकों का परीक्षण कर रही है।

फिलहाल आग लगने जैसी आपातकालीन स्थिति से निपटने की व्यवस्था, सुरक्षा उपकरणों की कार्यप्रणाली, ब्रेकिंग सिस्टम, इलेक्ट्रिकल सिस्टम और अन्य तकनीकी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। रेलवे ये सुनिश्चित करना चाहता है कि ट्रेन सभी सुरक्षा मानकों पर पूरी तरह खरी उतरे, ताकि यात्रियों को सुरक्षित और आरामदायक सफर उपलब्ध कराया जा सके।

16 कोच वाली है अत्याधुनिक ट्रेन

अधिकारियों के अनुसार सभी तकनीकी परीक्षण पूरे होने के बाद वंदे भारत एक्सप्रेस को उसके निर्धारित रूट पर संचालन के लिए भेजा जाएगा। इस अत्याधुनिक ट्रेन में करीब 16 कोच हैं जिन्हें यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आधुनिक तकनीक से तैयार किया गया है। ट्रेन में आरामदायक सीटें, बेहतर सुरक्षा व्यवस्था और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिससे यात्रियों को तेज, सुरक्षित और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव मिलेगा।

पिछले 2 दिनों से झालावाड़ रेलवे ट्रैक पर वंदे भारत एक्सप्रेस का ट्रायल होने से स्थानीय लोगों में काफी उत्सुकता बनी हुई है। ट्रेन की एक झलक पाने के लिए बड़ी संख्या में लोग रेलवे ट्रैक और स्टेशन के आसपास पहुंच रहे हैं। आधुनिक डिजाइन और तेज रफ्तार वाली इस ट्रेन को देखकर लोग काफी उत्साहित नजर आए। रेलवे अधिकारियों का मानना है कि सभी परीक्षण सफल होने के बाद वंदे भारत एक्सप्रेस जल्द ही अपने निर्धारित मार्ग पर नियमित रूप से दौड़ेगी।

Published on:
29 Jun 2026 01:53 pm