
Death In Rajasthan Road Accident: झालावाड़ जिले में हुए सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। झालावाड़ के सदर थाना क्षेत्र के मांडा श्यामपुरा गांव निवासी 25 साल के दुर्गा शंकर की देर रात सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। वह बाइक से अपनी ससुराल जा रहा था लेकिन रास्ते में एक अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया लेकिन इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
पुलिस के अनुसार दुर्गा शंकर रविवार शाम अपने गांव मांडा श्यामपुरा से मध्यप्रदेश के श्रीपत खेड़ा स्थित ससुराल जाने के लिए बाइक से निकला था। जब वह मध्यप्रदेश के डूंगरगांव चौकी के पास पहुंचा तभी पीछे से आए एक अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि वह सड़क पर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी।
घायल दुर्गा शंकर को पहले एंबुलेंस से सोयत कला अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे झालावाड़ के अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन भी अस्पताल पहुंचे लेकिन इलाज के दौरान देर रात करीब 12:30 बजे डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
परिजनों ने बताया कि दुर्गा शंकर बेहद गरीब परिवार से था। वह बेलदारी का काम कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। उसकी कमाई से ही घर का खर्च चलता था। उसके परिवार में पत्नी अनीता और 2 दो मासूम बेटियां हैं, जिनकी उम्र महज 5 साल और 3 साल है। पिता की असमय मौत के बाद दोनों बच्चियों के सिर से पिता का साया उठ गया और पत्नी पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है ताकि टक्कर मारने वाले वाहन और उसके चालक का पता लगाया जा सके। पुलिस का कहना है कि आरोपी वाहन चालक की पहचान होते ही उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।