
Atiq Ahmed Son Aban Car Accident : प्रयागराज। उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में माफिया अतीक अहमद के छोटे बेटे अबान अहमद समेत दो लोगों की भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई जबकि कई गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार कार के अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, हादसा झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पूछ थाना क्षेत्र के के पास हुआ। हादसे में आबान के अलावा मृतक सोनू अहमद हटवा गांव का रहने वाला था। वह तीन भाइयों में सबसे बड़ा था और प्लाटिंग का काम करता था। इसी हादसे में आबान का चचेरा भाई उमर अहमद भी घायल हुआ है। दुर्घटनाग्रस्त कार मोहम्मोद जैद की थी और वह ही गाड़ी चला रहा था।
अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद का शव शुक्रवार सुबह प्रयागराज पहुंचा। बताया जा रहा है कि अबान के शव को कसारी-मसारी स्थित उसी कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा जहां उसके पिता अतीक अहमद, चाचा अशरफ और बड़े भाई असद को दफनाया गया था। अबान की कब्र फिलहाल खोद ली गई है। अतीक अहमद की कब्र के पास ही आबान की कब्र बनाई गई है। देर रात तक कब्र खोदने का काम चलता रहा। सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। सूत्रों के मुताबिक, शुक्रवार को जुम्मे की नमाज के बाद अबान अहमद के शव को कसारी-मसारी स्थित कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।
हादसे की अब तक की जांच में सामने आया है कि इसकी मुख्य वजह कार की तेज रफ्तार रही। हल्की बारिश के बीच कार बेकाबू होकर डिवाइडर से जा भिड़ी। हालांकि मवेशी के सामने आने और हाईवे पर पड़ी ईंट पर कार का पहिया चढ़ने से अनियंत्रित होने की बात भी कही जा रही है लेकिन इसकी पुष्टि नहीं हो पाई। एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि प्रारंभिक जांच में रफ्तार ही मुख्य वजह सामने आई है। हालांकि हादसे से संबंधित सभी पहलुओं की जांच कराई जा रही है।