झांसी

Jhansi News:बैक पेपर के तनाव में बीटेक छात्र ने दी जान, हॉस्टल में फंदे से लटका मिला शव

Student Suicide:बीआईईटी झांसी में बीटेक छात्र अभिषेक गौतम ने बैक पेपर के तनाव में हॉस्टल कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। फोन न उठाने पर मामला सामने आया। पुलिस जांच में जुटी है, सुसाइड नोट नहीं मिला।

2 min read
Apr 15, 2026

झांसी। बुंदेलखंड इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (बीआईईटी) में पढ़ रहे बीटेक तृतीय वर्ष के छात्र अभिषेक गौतम (23) ने कथित तौर पर बैक पेपर के तनाव में आत्महत्या कर ली। बुधवार को उसका शव संस्थान के पंचवटी हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटका मिला। घटना से परिसर में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

अभिषेक मूल रूप से औरैया जिले के अछल्दा थाना क्षेत्र के बसई गांव का रहने वाला था और बीआईईटी में मैकेनिकल शाखा से बीटेक कर रहा था। वह हॉस्टल के रूम नंबर एस-8 में अकेला रहता था। साथियों के अनुसार, बुधवार सुबह वह सामान्य दिनों की तरह कमरे से बाहर निकला और नीचे पानी भरने गया। इस दौरान उसने कुछ छात्रों से बातचीत भी की, जिसके बाद वह वापस कमरे में चला गया।

ये भी पढ़ें

Kanpur News:बुजुर्ग दंपती से 16.77 लाख की ठगी, बेटा बनकर किया विश्वासघात

काफी देर तक कमरे से बाहर न निकलने और फोन कॉल न उठाने पर परिजनों को चिंता हुई। उसकी मां ने कई बार कॉल किया, लेकिन जवाब नहीं मिला। घबराकर उन्होंने राजगढ़ स्थित घर के किरायेदार को हॉस्टल भेजा। जब कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला तो खिड़की से झांककर देखा गया। अंदर अभिषेक का शव फंदे से लटका हुआ था। यह देख मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही हॉस्टल वार्डन और संस्थान के निदेशक जितेंद्र शर्मा मौके पर पहुंचे। पीआरडी कर्मियों की मौजूदगी में दरवाजा तोड़ा गया। इसके बाद नवाबाद थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए।

पुलिस के अनुसार, कमरे से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। छात्र का मोबाइल फोन लॉक मिला है, जिसे खुलवाने की कोशिश की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि अभिषेक लगातार आ रहे बैक पेपर से काफी तनाव में था और अवसाद में चला गया था। दोस्तों का कहना है कि वह अपनी परेशानियों के बारे में खुलकर बात नहीं करता था और अक्सर उदास रहता था। वही संस्थान प्रशासन ने भी माना कि छात्र पढ़ाई को लेकर दबाव में था। बताया जा रहा है कि हर साल उसके बैक पेपर आ रहे थे, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान था। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है और परिजनों को सूचना दे दी गई है।

Published on:
15 Apr 2026 10:00 pm
Also Read
View All