झांसी

‘पापा मैं असाइनमेंट के लिए दिल्ली जा रहा हूं…’ फिर घर से 1.5KM दूर रेलवे ट्रैक पर मिला शव

Jhansi Doctor Son Found Dead : झांसी में एक युवक की रेलवे ट्रैक के पास लाश मिली है। युवक सोनीपत में रहकर लॉ की पढ़ाई कर हा था।
2 min read
Mar 15, 2026
Feature image
रेलवे ट्रैक के पास मिला युवक का शव, PC- Patrika

झांसी : उत्तर प्रदेश के झांसी में एक डॉक्टर के बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। 19 वर्षीय युवक का शव रेलवे ट्रैक के पास मिला, जिसके बाद इलाके में सनसनी फैल गई। युवक की पहचान आधार कार्ड के जरिए हुई और पुलिस जब सूचना देने उसके घर पहुंची तो पिता ने हैरानी जताते हुए कहा कि उनका बेटा तो दिल्ली में होने की बात कहकर निकला था।

मृतक की पहचान संचय मिसुरिया (19) के रूप में हुई है। वह बबीना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) के अधीक्षक डॉ. सुमित मिसुरिया का इकलौता बेटा था और हरियाणा के सोनीपत स्थित जिंदल कॉलेज में एलएलबी प्रथम वर्ष का छात्र था।

घर से डेढ़ किलोमीटर दूर मिला शव

पुलिस के अनुसार, रविवार सुबह सीपरी बाजार थाना क्षेत्र के उनाव रोड स्थित सुदर्शन गार्डन के पास रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव पड़ा मिला। शव के पास आधार कार्ड मिलने के बाद पुलिस उसकी पहचान कर सकी।

पुलिस जब आधार कार्ड लेकर डॉ. सुमित मिसुरिया के घर पहुंची और बेटे के बारे में जानकारी दी, तो उन्होंने कहा कि उनका बेटा दिल्ली जाने की बात कहकर हॉस्टल से निकला था। बाद में उसने फोन करके बताया था कि कुछ असाइनमेंट बचा है, इसलिए वह रविवार को दिल्ली जाएगा।

फोन मिलाने पर सामने आई सच्चाई

पिता के मुताबिक, उन्हें लगा कि बेटा अभी भी हॉस्टल में ही होगा। लेकिन जब पुलिस ने रेलवे ट्रैक पर शव मिलने की बात कही तो उन्हें शक हुआ। उन्होंने तुरंत बेटे के मोबाइल पर कॉल किया। कॉल एक पुलिसकर्मी ने उठाई और घटना की जानकारी दी। यह सुनते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे, जहां संचय का शव पड़ा मिला। शव की हालत बेहद गंभीर थी और सिर पर गहरी चोट के निशान थे।

कैसे झांसी पहुंचा सुमित पिता को जानकारी नहीं

पिता डॉ. सुमित मिसुरिया का कहना है कि उनका बेटा पढ़ाई में बहुत तेज था और बिना बताए झांसी क्यों आया, यह समझ से बाहर है। उन्होंने मामले को संदिग्ध बताते हुए पुलिस से विस्तृत जांच की मांग की है।

उनका कहना है कि अगर वह दिल्ली जाने वाला था तो झांसी कैसे पहुंचा और किन परिस्थितियों में रेलवे ट्रैक के पास आया, इसकी जांच होनी चाहिए। उन्होंने कॉल डिटेल और अन्य तकनीकी जांच कराने की मांग भी की है।

संचय अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उससे छोटी उसकी बहन सैर्या (15) है। बेटे की मौत की खबर मिलते ही मां अर्चना बेसुध हो गईं, जबकि पिता और दादा डॉ. प्रमोद मिसुरिया का भी रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलने के बाद झांसी के कई डॉक्टर और परिवार के परिचित लोग भी उनके घर पहुंच गए।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार

मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) ने बताया कि युवक का शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का पता चल सकेगा।

वहीं सीपरी बाजार थाना पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला ट्रेन की चपेट में आने का लग रहा है, लेकिन युवक झांसी कैसे पहुंचा और घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है।

Updated on:
15 Mar 2026 07:36 pm
Published on:
15 Mar 2026 07:36 pm