Jhansi Hospital Fire: उत्तर प्रदेश की झांसी में 'महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज' में शुक्रवार को एनआईसीयू वार्ड में आग लगने से 10 नवजात की मौत हो गई। इसको लेकर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दुख प्रकट किया है।
Jhansi Hospital Fire: उत्तर प्रदेश के झांसी के महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में शुक्रवार को एनआईसीयू वार्ड में अचानक आग लगने से 10 नवजात शिशुओं की मौत हो गई। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने झांसी मेडिकल कॉलेज के एनआईसीयू में हुई दुर्घटना पर गहरा दुख जताया है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी संवेदनाएं प्रकट की।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू झांसी की घटना को हृदय विदारक बताते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, 'उत्तर प्रदेश में महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज, झांसी में हुई दुर्घटना में कई नवजात शिशुओं की मृत्यु का समाचार अत्यंत हृदय विदारक है। ईश्वर, शोक संतप्त माता-पिता और परिवारजनों को, यह क्रूर आघात सहन करने की शक्ति प्रदान करें। मैं घायल हुए शिशुओं के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं।'
केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस घटना को अत्यंत दुख पहुंचाने वाला बताया। उन्होंने 'एक्स' पर लिखा, ' झांसी (उत्तर प्रदेश) के मेडिकल कॉलेज में हुई दुर्घटना में बच्चों की मृत्यु के बारे में जानकर अत्यंत दुख पहुंचा है। मैं उनके परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट करता हूं, साथ ही जो बच्चे घायल हैं मैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की ईश्वर से कामना करता हूं।'
झांसी जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने बताया कि कॉलेज के एनआईसीयू (शिशु वार्ड) में अंदर की यूनिट में रात 10.30 से 10.45 के बीच आग लगी थी। अंदर की यूनिट में ज्यादा गंभीर रूप से बीमार बच्चे थे जबकि बाहर की यूनिट में कम गंभीर रूप से बीमार बच्चे थे। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, 10 बच्चों की मौत हो गई है। उस समय वार्ड में मौजूद कर्मचारियों का कहना है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी थी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूरी रात घटनास्थल से पल-पल की जानकारी ली। टीवी पर भी नजर बनाए रखी। मुख्यमंत्री ने प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि तत्काल झांसी मेडिकल कॉलेज में हुई दुखद घटना में मृतक नवजातों के परिजनों को 5-5 लाख एवं गंभीर घायलों को 50-50 हजार रुपए तत्काल सहायता उपलब्ध कराएं।