झांसी

झांसी टोल प्लाजा पर ‘डांसर युवती’ का हंगामा, टोल का बूम तोड़ा, भद्दी-भद्दी गालियां दीं

Jhansi News : उत्तर प्रदेश के झांसी में मोबाइल गुम होने से नाराज नशे में धुत एक डांसर ने लुहारी टोल प्लाजा पर जमकर बवाल काटा। युवती ने न केवल गाली-गलौज की बल्कि टोल का बैरियर भी तोड़ डाला।
2 min read
Apr 04, 2026
Feature image
डांसर युवती ने झांसी टोल प्लाजा पर किया हंगामा, PC- Image Enhance by Gemini

झांसी : उत्तर प्रदेश के झांसी जिले से मर्यादाओं को तार-तार कर देने वाला एक वीडियो सोशल मीडिया पर जंगल की आग की तरह फैल रहा है। घटना सकरार थाना क्षेत्र के लुहारी टोल प्लाजा की है, जहां नशे में धुत एक युवती ने न केवल राहगीरों और टोल कर्मियों के साथ बदसलूकी की, बल्कि सरकारी संपत्ति को भी जमकर नुकसान पहुंचाया। इस 'डांसर' युवती का हंगामा इतना जबरदस्त था कि वहां मौजूद लोग मूकदर्शक बने तमाशा देखते रहे।

नौगांव से लौटते समय 'चढ़ा' नशे का खुमार

जानकारी के मुताबिक, यह युवती पेशे से डांसर है और अपनी अन्य महिला साथियों के साथ मध्य प्रदेश के नौगांव में एक निजी कार्यक्रम (डांस प्रोग्राम) निपटाकर झांसी लौट रही थी। चश्मदीदों का कहना है कि युवती और उसकी साथी एक गाड़ी में सवार थे। जैसे ही उनकी गाड़ी लुहारी टोल प्लाजा पर पहुंची, युवती ने अचानक चिल्लाना शुरू कर दिया। बताया जा रहा है कि युवती ने शराब का अत्यधिक सेवन कर रखा था, जिसके कारण वह अपना मानसिक संतुलन खो बैठी थी।

मोबाइल गुम होने का बहाना और टोल पर 'बवाल'

हंगामे की शुरुआत तब हुई जब युवती ने आरोप लगाया कि उसका मोबाइल फोन गायब हो गया है। उसने इसका जिम्मेदार टोल कर्मियों को ठहराना शुरू कर दिया। देखते ही देखते बात गाली-गलौज तक पहुंच गई। युवती गाड़ी से नीचे उतरी और आव देखा न ताव, टोल प्लाजा पर तैनात कर्मचारियों को भद्दी-भद्दी गालियां देने लगी।

वहां से गुजर रहे राहगीरों ने जब उसे समझाने की कोशिश की, तो उसने उन्हें भी नहीं बख्शा। नशे की हालत में वह इतनी उग्र हो गई कि उसने टोल प्लाजा पर लगे भारी-भरकम बैरियर (बैरिकेडिंग) को पकड़कर हिलाना शुरू कर दिया और उसे तोड़ डाला। वीडियो में साफ दिख रहा है कि युवती किस कदर आपा खो चुकी है और बैरियर को खींचकर जमीन पर पटकने की कोशिश कर रही है।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ 'नशे का तांडव'

टोल प्लाजा पर मौजूद लोगों ने जब देखा कि युवती किसी की सुनने को तैयार नहीं है, तो उन्होंने अपने मोबाइल कैमरों से इस 'हाई-वोल्टेज ड्रामे' को रिकॉर्ड कर लिया। अब यह वीडियो इंटरनेट पर चर्चा का विषय बना हुआ है। लोग युवती के इस व्यवहार और सार्वजनिक स्थान पर नशे में धुत्त होकर हंगामा करने पर कड़ी आपत्ति जता रहे हैं।

हालांकि, सकरार थाना पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो का संज्ञान लिया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, वीडियो के आधार पर युवती की पहचान की जा रही है। टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और सार्वजनिक शांति भंग करने के मामले में उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Updated on:
04 Apr 2026 07:06 pm
Published on:
04 Apr 2026 07:04 pm