झांसी

2 लाख पर नहीं मानी महिला तो उतारा मौत के घाट, 2 दिन तक लाश के साथ सोया, फिर फूंक डाला

"वह मुझे धोखा दे रही थी। रेप केस में फंसाने की धमकी देती थी और 3 लाख रुपए मांग रही थी, इसलिए मैंने हत्या कर शव जला दिया।" रिटायर्ड रेलकर्मी ने पुलिस के सामने ये बात कबूल की है।
2 min read
Jan 20, 2026
Murder, up crime news, up ki khabren, up breaking news, cm yogi news, yogi Adityanath, Jhansi murder case, Retired railway employee accused, Live-in partner murder, Body burnt in trunk, Crime news Uttar Pradesh, Loader driver tip-off, Human bones recovered, Police
आरोपी राम सिंह का आरोप है कि प्रीति उसे धोखा दे रही थी।

झांसी में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां रेलवे से रिटायर हुए 64 वर्षीय राम सिंह परिहार ने अपनी 32 वर्षीय गर्लफ्रेंड प्रीति की 8 जनवरी को हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने लाश को दो क्विंटल लकड़ियों के साथ लोहे के बक्से में जलाया और राख को ठिकाने लगाने की तैयारी की। पुलिस ने 17 जनवरी की देर रात उसे उसकी दूसरी पत्नी गीता और बेटे नितिन के साथ गिरफ्तार कर लिया। तीनों को कोर्ट में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।

10 साल का अफेयर और पैसों का विवाद बना वजह

राम सिंह ने पुलिस को बताया कि वह नंदनपुरा में रहता है। 2022 में रेलवे में MCM सीनियर टेक्नीशियन पद से रिटायर हुआ है। उसने पहली शादी 40 साल पहले गीता परिहार से की थी, जिससे एक बेटा और दो बेटियां हैं। बाद में गीता रायकवार से शादी की और पहली पत्नी से अलग हो गया।

करीब 10 साल पहले राम सिंह की मुलाकात प्रीति से हुई। वह एक अधिकारी के बंगले में बर्तन धोने आती थी। दोनों के बीच प्यार हुआ और मंदिर में शादी भी की। प्रीति शादीशुदा थी और उसके तीन बच्चे हैं। राम सिंह का कहना है कि वह रिटायरमेंट के बाद प्रीति के साथ ही रह रहा था। अपनी पेंशन भी उसी के हाथ में दे देता था।

राम सिंह के मुताबिक, प्रीति उससे लाखों रुपए ले चुकी थी। बाद में उसे पता चला कि प्रीति का एक ब्यूटी पार्लर मालिक से भी अफेयर है। इसी बात पर दोनों के बीच झगड़े बढ़ने लगे। प्रीति उस पर रेप केस में फंसाने की धमकी देती थी और तीन लाख रुपए मांग रही थी, जबकि राम सिंह दो लाख देने को तैयार था।

कुल्हाड़ी से हत्या, दो दिन शव के साथ रहा

8 जनवरी की शाम राम सिंह प्रीति को ब्रह्म नगर में किराए पर लिए मकान पर ले गया। शराब पीने के दौरान पैसों को लेकर विवाद हुआ और गुस्से में राम सिंह ने कुल्हाड़ी से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी। उसके बाद कमरे में पड़े खून को साफ किया और दो दिन तक शव के साथ ही सोता रहा। जब बदबू फैलने लगी तब उसने दूसरी पत्नी गीता और बेटे नितिन को सब बता दिया।

लाश जलाकर अस्थियां गंगा में बहाने की तैयारी

16 जनवरी की रात उसने 2 क्विंटल लकड़ियां और लोहे का बक्सा मंगवाया। उसने खुद ही घर के अंदर लकड़ियों और शव को रखकर आग लगा दी। शव जलने के बाद बक्सा काला पड़ गया तो वह बाजार से नीला पेंट लाया और बक्से को रंग दिया ताकि किसी को शक न हो। योजना थी कि 17 जनवरी को राख और अस्थियां प्रयागराज ले जाकर गंगा में बहा देगा और फिर खुद आत्महत्या करेगा।

ड्राइवर की सतर्कता से खुला राज

17 जनवरी की रात राम सिंह ने लोडिंग गाड़ी बुक की। बक्से से बदबू और पानी गिरने पर ड्राइवर को शक हुआ और उसने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने पूछताछ में पूरा मामला उजागर किया। राम सिंह गिरफ्तारी के बाद भी पछतावे के बजाय खुलकर हंसते हुए मीडिया से बोला कि मैंने जो किया, वो ठीक किया। मैं बहुत खुश हूं।

Updated on:
20 Jan 2026 10:29 am
Published on:
20 Jan 2026 10:29 am