झांसी

‘आंख खुली तो सड़क पर पड़े थे’: घायल चश्मदीद ने बताया कैसे हुआ अतीक के बेटे का एक्सीडेंट

झांसी में सड़क हादसे में अतीक अहमद के छोटे बेटे आबान अहमद समेत दो लोगों की मौत हो गई। घायल चश्मदीद ने बताया कि कार का संतुलन बिगड़ने से वाहन डिवाइडर से टकरा गया, जिससे यह दर्दनाक हादसा हुआ।
2 min read
Aug 06, 2026
Jhansi road accident
Jhansi road accident: हादसे में घायल युवक (photo ANI)

झांसी। उत्तर प्रदेश के झांसी में अतीक अहमद के छोटे बेटे अबान अहमद समेत दो लोगों की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे के वक्त कार में मौजूद घायल चश्मदीद ने इस हादसे का आंखों देखा हाल बयां किया है। उसने बताया कि गाड़‌ी का संतुलन बिगड़ने की वजह से यह बड़ा हादसा हुआ। अस्पताल में इलाज के दौरान घायल साथी ने बताया कि वे सभी प्रयागराज से झांसी जेल में बंद अतीक अहमद के दूसरे बेटे अली अहमद से मुलाकात करने जा रहे थे। कार में आबान के साथ सोनू, फारूक, जैद और वह खुद सवार थे। सफर के दौरान अचानक वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से जा टकराया, जिससे भीषण हादसा हो गया।

हादसे के बाद सड़क पर बेसुध पड़े रहे घायल

दर्दनाक हादसे के बारे बात करते हुए चश्मदीद ने कहा कि गाड़ी टकराते ही हम सब आपस में भिड़ गए। टक्कर इतनी तेज थी कि उसके बाद क्या हुआ, कुछ याद नहीं। जब होश आया तो हम सब सड़क पर पड़े हुए थे। इसके बाद किसी तरह हमें अस्पताल लाया गया। उसने पुष्टि की कि कार में अतीक अहमद का सबसे छोटा बेटा आबान भी मौजूद था, जो अपने भाई अली से मिलने जा रहा था। इस दर्दनाक हादसे में आबान और उसके साथी सोनू की जान चली गई, जबकि अन्य सवार गंभीर रूप से घायल हैं।

हादसे में दो की मौत, तीन घायल

पुलिस के अनुसार, हादसे के बाद स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार में फंसे सभी लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टरों ने अबान अहमद और उसके दोस्त सोनू को मृत घोषित कर दिया। हादसे में उमर अहमद, मोहम्मद जैद और असलम गंभीर रूप से घायल हुए हैं। तीनों का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। पुलिस ने मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं।

इस वजह से हुआ हादसा

जांच में सामने आया है कि कानपुर से झांसी की ओर जा रही कार के सामने अचानक एक जानवर आ गया। उसे बचाने के प्रयास में चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिसके बाद कार डिवाइडर से टकरा गई। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। गौरतलब है कि उमेश पाल हत्याकांड के बाद अबान अहमद और उसके भाई अहजम को नाबालिग होने के कारण बाल संरक्षण गृह में रखा गया था। बाद में अक्टूबर 2023 में दोनों को वहां से रिहा कर उनकी बुआ की सुपुर्दगी में सौंप दिया गया था। वर्तमान में अतीक अहमद का बड़ा बेटा अली अहमद झांसी जेल में बंद है, जिससे मिलने के लिए परिवार के सदस्य प्रयागराज से रवाना हुए थे।

Updated on:
06 Aug 2026 03:17 pm
Published on:
06 Aug 2026 03:17 pm