झांसी

Jhansi Weather:गर्मी के बीच अचानक बदलेगा मौसम का खेल! इस तारीख को झांसी में होगी तेज बारिश और आंधी—जानें पूरा अपडेट

Jhansi Weather Update:झांसी में पश्चिमी विक्षोभ के असर से 26-27 मार्च को बारिश और तेज हवाओं के आसार हैं। जिसके चलते तापमान में गिरावट आएगी। सोमवार को बादल और ठंडी हवाओं से मौसम सुहावना रहा, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली।
2 min read
• •
Updated: 23 Mar 2026, 10:08 PM IST
Feature image

झांसी में मौसम एक बार फिर करवट लेने को तैयार है। मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से 26 और 27 मार्च को जिले में बारिश हो सकती है। इस दौरान करीब 40 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी संभावना जताई गई है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। जिसका असर आज भी मौसम का बदला हुआ स्वरूप देखने को मिला। दिल्ली-एनसीआर में हुई बारिश का असर झांसी तक पहुंचा। दिनभर आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रही और ठंडी हवाएं चलती रहीं। हालांकि दोपहर में हल्की धूप जरूर निकली, लेकिन सूरज की तपिश सामान्य दिनों की तुलना में कम महसूस हुई।

शाम होते ही बढ़ी ठंडक, तेज हवाओं ने बदला माहौल

शाम के समय मौसम ने अचानक करवट ली। आसमान में घने बादल छा गए और तेज हवाएं चलने लगीं। इससे वातावरण में ठंडक घुल गई और लोगों को गर्मी से कुछ राहत महसूस हुई। मौसम के इस बदलाव ने यह संकेत दे दिया है कि आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट हो सकती है।

सामान्य से कम दर्ज हुआ तापमान

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार सोमवार को अधिकतम तापमान 33.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.6 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 18.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 0.6 डिग्री कम है। तापमान में यह गिरावट मौसम में बदलाव का स्पष्ट संकेत दे रही है।

10 मिलीमीटर तक बारिश की संभावना

कृषि विज्ञान केंद्र भरारी के मौसम वैज्ञानिक डॉ. आदित्य कुमार सिंह के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने के चलते 26 और 27 मार्च को झांसी जिले में कुल मिलाकर करीब 10 मिलीमीटर तक बारिश हो सकती है। इस दौरान तेज हवाएं भी चलेंगी, जिससे दिन और रात के तापमान में गिरावट आएगी।

किसानों और आम लोगों के लिए अहम

मौसम में यह बदलाव किसानों के लिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। हल्की से मध्यम बारिश फसलों के लिए लाभकारी हो सकती है, लेकिन तेज हवाएं नुकसान भी पहुंचा सकती हैं। ऐसे में किसानों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।वहीं आम लोगों के लिए यह मौसम राहत भरा साबित हो सकता है, क्योंकि लगातार बढ़ती गर्मी के बीच यह बदलाव ठंडक लेकर आएगा। हालांकि तेज हवाओं और संभावित बारिश के चलते लोगों को सावधानी बरतने की भी जरूरत है।