झांसी

झांसी: खून से सने कपड़ों से हुआ हत्या का खुलासा, घर वालों ने दुर्घटना मान किया था अंतिम संस्कार, नातिन और प्रेमी गिरफ्तार

Jhansi Murder: झांसी में नाबालिग प्रेमिका ने प्रेमी के साथ मिलकर नाना की हत्या कर दी और शव को कुएं में फेंक दिया। घर वालों ने इसे दुर्घटना समझा और अंतिम संस्कार भी कर दिया। लेकिन खून से सने कपड़े से हत्या का खुलासा हुआ।
2 min read
Sep 16, 2026
घटना की जानकारी देते पुलिस अधीक्षक ग्रामीण झांसी, फोटो सोर्स- X वीडियो ग्रैब
घटना की जानकारी देते पुलिस अधीक्षक ग्रामीण झांसी, फोटो सोर्स- X वीडियो ग्रैब

Jhansi Murder News:झांसी में हृदयविदारक घटना सामने आई है। जिसमें कुएं में एक बुजुर्ग का शव मिला था, जिसके शरीर पर चोट के भी निशान थे। घर वालों ने इसे कुएं में गिरने के कारण चोट माना और दुर्घटना समझ कर बुजुर्ग का अंतिम संस्कार कर दिया। घर की सफाई के दौरान खून से सने कपड़े मिलने पर हत्या का राज खुला। ‌थाना में तहरीर देकर मृतक परिजन ने मृतक के नातिन और उसके प्रेमी पर हत्या का आरोप लगाया। पुलिस की पूछताछ में दोनों ने हत्या करना कबूल किया। एसपी ग्रामीण ने बताया कि अंतिम संस्कार की फोटो और अवशेष को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। घटना की जांच की जा रही है। मामला चिरगांव थाना क्षेत्र का है।

12 सितंबर की शाम से गायब थे

उत्तर प्रदेश के चिरगांव थाना क्षेत्र अंतर्गत छिरौना गांव में बीते 13 सितंबर को कुएं में रामदीन कुशवाहा का शव मिला, जो 12 सितंबर की शाम से गायब थे। शव मिलते ही घर में कोहराम मच गया। घर वालों ने इसे दुर्घटना माना। क्योंकि रामदेव शराब पीता था। घर वालों ने रामदीन का अंतिम संस्कार भी कर दिया। लेकिन घर की सफाई के दौरान खून से सने कपड़ा मिलने पर हत्या की आशंका हुई।‌

हत्या करना स्वीकार किया

पुलिस की पूछताछ में नातिन ने बताया कि 12 सितंबर की दोपहर को घर के सभी सदस्य बाहर गए थे। उसी समय उसने अपनी बॉयफ्रेंड विशाल को घर पर बुला लिया। इसी बीच नाना रामदीन कुशवाहा घर आ गए और दोनों को आपत्तिजनक हालत में देख लिया। घरवालों को पता ना चले, इसलिए उसने विशाल के साथ मिलकर रामदीन नाना की हत्या कर दी और उसके शव को कुएं में फेंक दिया। मृतक परिजन की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। ‌

क्या कहते हैं एसपी ग्रामीण?

इस संबंध में पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉक्टर अरविंद कुमार ने बताया कि 12 सितंबर को रामदीन कुशवाहा का शव कुएं में मिला था। घर वालों ने दुर्घटना मानकर अंतिम संस्कार कर दिया था। कल घर की सफाई के दौरान परिवार वालों को खून से सने कपड़े मिले। इस पर उन्होंने पूछताछ की। हत्या की आशंका जाहिर करते हुए मृतक परिजनों ने थाना में तहरीर दी। जिसमें मृतक की नाबालिग नातिन और पड़ोस के रहने वाले युवक को आरोपी बनाया गया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों को हिरासत में लिया।

दोनों ने हत्या करना स्वीकार किया

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पूछताछ के दौरान दोनों ने हत्या करना स्वीकार किया। उन्होंने घटना का कारण भी बताया। आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त किए गए आलाकत्ल, दोनों के खून से सने कपड़े बरामद किए गए हैं। मृतक परिजनों से अंतिम संस्कार के फोटो और अवशेष को भी पुलिस ने अपने कब्जे में लिया है। चिरगांव थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। मिले साक्ष्यों और आगे जो भी जांच में निकाल कर आएगा उसके आधार पर पुलिस कार्रवाई करेगी। आरोपी को अदालत में पेश किया जा रहा है। ‌

Updated on:
16 Sept 2026 09:33 pm
Published on:
16 Sept 2026 09:33 pm