झांसी

अब सौर ऊर्जा से जगमगाएगा रानी झांसी का किला, जेडीए की बैठक में इन प्रस्तावों पर लगी मुहर

झांसी विकास प्राधिकरण की बैठक में लिए गए कई निर्णय, बिना मानचित्र के बने भवनों को सील करने और नगर निगम में शामिल 62 गांवों के पट्टों पर रोक के आदेश

2 min read
Sep 09, 2017

झांसी। महारानी लक्ष्मीबाई के शौर्य, वीरता एवं पराक्रम का प्रतीक प्राचीन दुर्ग अब सौर ऊर्जा से जगमगाएगा। इसके लिए सर्वे किये जाने के निर्देश जेडीए अध्यक्ष/मण्डलायुक्त अमित गुप्ता ने झांसी विकास प्राधिकरण की बोर्ड बैठक में दिए। उन्होंने अवर अभियंताओं से शमनयोग्य प्रकरण को प्राथमिकता से लेते हुए शुल्क जमा कर जेडीए की आय बढ़ाये जाने पर जोर दिया। वहीं उन्होंने कहा कि ऐसे मानचित्र जो जेडीए द्वारा स्वीकृत नहीं है और निर्माण कार्य किया जा रहा है या किया जा चुका है, उसे सील किया जाए।

पंचतंत्र पार्क के विकास पर हुआ मंथन

ये भी पढ़ें

पार्षद, अफसर और कर्मचारियों के हंगामे की भेंट चढ़ी निगम की बोर्ड बैठक

बोर्ड बैठक की अध्यक्षता करते हुए मंडलायुक्त ने कहा कि अधिनियम के तहत निर्माण कार्य किसी भी दशा में नहीं रोके जाएं। जनता को प्राधिकरण द्वारा सुविधाएं देते हुए और मानचित्र स्वीकृत कर ही निर्माण कार्य की अनुमति दी जाए। पंचतंत्र पार्क के विकास पर मंथन करते हुए जनता को और अधिक सुविधाएं देने पर विचार किया गया। उन्होंने इसे पीपीपी मॉडल पर संचालित करने के सुझाव पर गाइड लाइन प्रस्तुत करने को कहा। उन्होंने बताया कि 20 किलोवाट की क्षमता से दुर्ग रोशन हो जाएगा। सोलर पैनल लगाए जाने के स्थान के लिए जेडीए, नेडा और पुरातत्व विभाग को संयुक्त सर्वे कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। मंडलायुक्त ने नगर निगम में शामिल 62 गांवो में पट्टे दिए जाने की कार्रवाई रोके जाने के निर्देश दिए। टाउन प्लानर एनके पुष्करना ने झांसी महायोजना में इन गांवों को शामिल करते हुए जानकारी दी।

अरबन हाट शुरू कराने के निर्देश

पं. दीनदयाल उपाध्याय सभागार के सुंदरीकरण के बारे में आर्किटेक्ट लक्ष्य शर्मा ने पावर प्वांइट प्रजेन्टेशन के जरिए जानकारी दी। जेडीए अध्यक्ष ने राजकीय निर्माण निगम को भी प्रजेन्टेशन करने के निर्देश दिए। ट्रांसपोर्ट नगर के विकास पर भी बोर्ड बैठक में चर्चा की गई। अरबन हाट संचालित किए जाने के संबंध में उन्होंने कहा कि अधूरा निर्माण कार्य पूर्ण कर जेडीए द्वारा संचालित किया जाए ताकि निर्माण सुरक्षित रखा जा सके जो मरम्मत कार्य किये जाने हैं ठेकेदार द्वारा करा लिए जाएं।

ये लोग रहे उपस्थित

बैठक में जिलाधिकारी कर्ण सिंह चौहान, नगर आयुक्त प्रताप सिंह भदौरिया, सचिव सीपी तिवारी, संयुक्त आयुक्त उद्योग एसके श्रीवास्तव, अधिशासी अभियंता जेडीए आरसी रावत, अवर अभियंता घनश्याम तिवारी व रविन्द्र गुप्ता उपस्थित रहे।

Updated on:
09 Sept 2017 07:26 am
Published on:
09 Sept 2017 07:23 am
Also Read
View All