Good News: चिड़ावा शहर को आधुनिक सुविधाओं से लैस नया बस स्टैंड मिल गया है। सांसद बृजेंद्र ओला ने नवनिर्मित मॉडर्न बस स्टैंड का उद्घाटन किया, जिसमें यात्रियों के लिए वेटिंग हॉल, रैन बसेरा, पार्किंग और आधुनिक शौचालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
Chirawa New Bus Stand: राजस्थान के चिड़ावा शहर के नया बस स्टैंड पर शुक्रवार को नवनिर्मित आधुनिक बस स्टैंड भवन का उद्घाटन हुआ। जिसके मुख्य अतिथि सांसद बृजेंद्र ओला थे। अध्यक्षता पालिकाध्यक्ष सुमित्रा सैनी ने की। विशिष्ट अतिथि पिलानी विधायक पितराम सिंह काला, पूर्व प्रधान निहाल सिंह रणवां, शेरसिंह नेहरा, समाजसेवी शीशराम हलवाई, पालिका उपाध्यक्ष अभय सिंह बड़ेसरा थे।
प्रारंभ में अतिथियों का स्वागत किया गया। अतिथियों ने कहा कि बस स्टैंड परिसर यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। इसमें आधुनिक प्रतीक्षालय (वेटिंग हॉल), रैन बसेरा (रात्रि विश्राम के लिए व्यवस्था), छायादार वेटिंग एरिया, बेहतर यातायात प्रबंधन, पार्किंग सुविधा, आधुनिक शौचालय की सुविधाएं मिलेगी।
उन्होंने कहा कि बस स्टैंड क्षेत्र के आने-जाने वाले यात्रियों को व्यापक राहत प्रदान करेगा। बस स्टैंड निर्माण से चिड़ावा की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और यात्रियों को सुविधा मिलेगी। संचालन पार्षद निखिल चौधरी ने किया। इस मौके पर ईओ दिनेश कुमार, जेईएन आकाश जांगिड़, एड.विनोद डांगी, कांग्रेस नगर अध्यक्ष सूर्यकांत शर्मा, संजय सैनी लांबा गोठड़ा, पूर्व सरपंच धर्मपाल पायल, सतपाल जांगिड़, राकेश नायक, विनोद झाझडिय़ा, संजय नूनियां, अभिषेक सोनू शर्मा, रमाकांत, संदीप सैनी, मुकेश पूनियां, दयाराम ओजटू, मोती डांगी, रमेश मेचू, अविनाश शर्मा, टीएम खान, रतन सिंह, सुनील झाझडिय़ा, सीताराम खोजी आदि मौजूद थे।
एनएच के टेंडर हो चुके, जल्द होगा निर्माण
बस स्टैंड के उद्घाटन समारोह में आए सांसद बृजेंद्र ओला ने भाजपा की केंद्र और राज्य सरकार पर तंज कसे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का कहना है कि पांच साल के कार्य दो साल में ही कर दिए, मगर हकीकत में कोई विकास नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि वर्षों पहले नेशनल हाईवे मंजूर करवाया गया था। जो कि वर्षों बाद भी अधूरा है।
नेशनल हाईवे के मुद्दे को सदन में उठाया तो इसे शुरू करवाया जा रहा है। जिसके टेंडर हो चुके हैं, जो कि फरवरी के अंत तक खोले जाएंगे। जिस पर करीब 1800 करोड़ की लागत आएगी। उन्होंने कहा कि सेही की तरफ से सूरजगढ़ बाइपास होते हुए भी सड़क निर्माण होगा। चिड़ावा के चारों तरफ रिंग रोड बनने से विकास को रफ्तार मिलेगी।