झुंझुनू

सीएम भजनलाल ने यमुना जल समझौते पर कह डाली ये बड़ी बात, बोले- अब शेखावाटी की जमीन भी उगलेगी सोना

Yamuna Water Agreement: यमुना जल समझौते के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को शेखावाटी में तीन आभार सभा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे किसान के बेटे हैं और खेतों में काम किया है। किसानों की तकलीफ समझते हैं।

2 min read
Mar 03, 2024
cm_bhajanalal.jpg

Yamuna Water Agreement : यमुना जल समझौते के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को शेखावाटी में तीन आभार सभा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि वे किसान के बेटे हैं और खेतों में काम किया है। किसानों की तकलीफ समझते हैं। कांग्रेस ने नहर के नाम पर केवल राजनीति की, हम यमुना का पानी लाएंगे। इसका शिलान्यास और उद्घाटन भी हम ही करेंगे। यह मोदी की गारंटी है। उन्होंने राहुल गांधी का नाम लिए बिना कहा कि, हम आलू से सोना तो नहीं बना सकते, लेकिन यमुना का पानी जब शेखावाटी में आ जाएगा तो यह धरती सोना जरूर उगलेगी। इस परियोजना के तहत खेतड़ी, श्रीमाधोपर और नीमकाथाना क्षेत्रों को भी पानी का उचित हिस्सा मिलेगा।

इस दौरान यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा, जल संसाधन मंत्री सुरेश रावत, सांसद नरेन्द्र खिंचड़, सुमेधानंद सरस्वती, विधायक धर्मपाल गुर्जर, सुभाष मील और गोवर्धन वर्मा ने भी सभा को संबोधित किया।

गहलोत की खुद की गारंटी नहीं थी, वे क्या गारंटी देते
भजनलाल पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर जमकर बरसे। उन्होंने कहा कि उनकी तो खुद की गारंटी नहीं थी, वे क्या गारंटी देेते। मध्यप्रदेश में कांग्रेस के कमलनाथ मुख्यमंत्री थे, वहां से पानी क्यों नहीं लाए? कई सालाें तक राजस्थान, केन्द्र व हरियाणा में कांग्रेस की सरकार रही, लेकिन कांग्रेस पानी नहीं ला सकी। वहीं, कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष का नाम लिए बिना कहा कि जिन्होंने लाखों युवाओं के सपनों को तोड़ा है, उसे नहीं बख्शेंगे।

कौनसी न्याय यात्रा निकाल रहे हैं राहुल गांधी
सीएम ने राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि- राजस्थान में भाजपा की सरकार बनते ही दो माह के भीतर ही मध्यप्रदेश और हरियाणा सरकार के साथ जल बंटवारा विवाद समाप्त हो गया। लेकिन कांग्रेस के नेता राहुल गांधी कौनसी न्याय यात्रा निकाल रहे हैं, यह समझ में नहीं आता। जबकि कांग्रेस राज में ही राजस्थान सहित अन्य राज्यों में महिलाओं व दलितों पर सर्वाधिक अत्याचार हुए हैं।

Published on:
03 Mar 2024 08:23 am