झुंझुनू

झुंझुनूं में दिल दहलाने वाली वारदात: सुबह माता-पिता को जगाने गया था बेटा, कमरे का नजारा देख पैरों तले खिसक गई जमीन!

Jhunjhunu Crime: झुंझुनूं के स्वामी सेही गांव में शुक्रवार की सुबह बुजुर्ग दंपत्ति ने जहर खाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली, सुबह जब बेटा कमरे में पहुंचा तो वहां का नजारा देख सन्न रह गया।
2 min read
Apr 04, 2026
Rajasthan Crime
फोटो- पत्रिका

Elderly Couple Suicide: सूरजगढ़ के स्वामी सेही गांव में शुक्रवार की सुबह आम दिनों की तरह ही शांत थी। लेकिन 62 वर्षीय भीमचंद और उनकी पत्नी घोघड़ी के मन में कुछ और ही चल रहा था। सुबह के करीब 7 बजे जब बेटा विनोद अपने माता-पिता को चाय के लिए जगाने गया। तो उसे अंदाजा भी नहीं था कि कमरों के भीतर कुछ ऐसा देखने को मिलेगा।

विनोद जैसे ही मां के कमरे में दाखिल हुआ तो उसकी चीख निकल गई। मां तड़प रही थी और उनकी जीभ बाहर निकल आई थी। बदहवास विनोद जब मदद के लिए पिता के कमरे की ओर भागा, तो वहां का मंजर और भी खौफनाक था। पिता भी उसी हाल में जिंदगी और मौत के बीच झूल रहे थे। रोज की तरह दिखने वाली सुबह पल भर में एक कभी न भूलने वाले मातम में बदल गई।

चीखें सुनकर पड़ोसी दौड़े

विनोद की चीखें सुनकर पड़ोसी दौड़े चले आए, आनन-फानन में दोनों को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में दोनों की सांसों की डोर टूट गई। सूचना मिलते ही थानाधिकारी रणजीत सेवदा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल से सबूत जुटाए। वह घर जो कल तक खुशहाल था, आज वहां सिर्फ सन्नाटा और अनसुलझे सवाल बचे हैं।

​आत्महत्या के कारणों का नहीं हुआ खुलासा

दोनों शवों को कब्जे में लेकर स्थानीय अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया गया। ​सूरजगढ़ पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से शवों का पोस्टमॉर्टम करवाया।​ कार्रवाई पूरी होने के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिए गए। मृतक के बेटे विनोद की रिपोर्ट पर मर्ग दर्ज कर लिया गया है। मृतक के बेटे विनोद ने बताया कि उनकी मां घोघड़ी पिछले कई दिनों से मानसिक रूप से बीमार थी और उनका इलाज चल रहा था।

पुलिस मामले की जांच में जुटी

​फिलहाल, आत्महत्या के कारणों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है कि भीमचंद और घोघड़ी ने ऐसा खौफनाक कदम क्यों उठाया। पुलिस परिजनों से पूछताछ कर रही है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है ताकि मौत के पीछे छिपे असल कारणों का खुलासा हो सके।

Updated on:
04 Apr 2026 07:27 pm
Published on:
04 Apr 2026 07:27 pm