
झुंझुनू/उदयपुरवाटी . कस्बे में तीन दिन पहले सरकारी कॉलेज भवन के लोकार्पण समारोह के दौरान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत व विधायक राजेन्द्र सिंह गुढ़ा के समर्थकों के बीच हुई हाथापाई के मामले में विधायक गुढ़ा सहित 15 जनों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। उनके खिलाफ 29 सितम्बर को मुख्यमंत्री गहलोत के समर्थकों ने मारपीट करने एवं जातिसूचक गालियां निकालने का आरोप लगाते हुए थाने में शिकायत दी थी। पुलिस ने राज्य सरकार को मामला स्वीकृति के लिए भेजा था। सरकार से स्वीकृति मिलने के बाद सोमवार को मामला दर्ज कर जांच सीआईडी-सीबी को सौंपी गई है।
चेतावनी का असर
सरकारी कॉलेज के लोकार्पण समारोह में दोनों के समर्थकों में नारेबाजी व हाथापाई हुई। इसके बाद संदीप सैनी के नेतृत्व में अशोक राठी ने थाने मेें विधायक गुढ़ा व उनके 15 समर्थकों के खिलाफ शिकायत दी गई। तीन दिन बाद भी मुकदमा दर्ज नहीं होने पर सैनी ने चेतावनी दी कि मंगलवार को सर्व समाज के हजारों लोगों को साथ आंदोलन किया जाएगा। इसके 18 घंटे बाद मामला दर्ज कर लिया गया।
गिरफ्तारी की मांग को लेकर आक्रोश रैली आज
विधायक सहित अन्य लोगों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर संदीप सैनी के नेतृत्व में मंगलवार को आक्रोश रैली निकाली जाएगी। आक्रोश रैली बांडया नाला से शुरू होकर गुढागौडज़ी से होते उदयपुरवाटी पहुंचेगी।
यह भी पढ़ें : भाजपा-कांग्रेस से विप्र ने मांगी 42 सीटें, न देने पर दी चेतावनी, बोले- सेना अपनी तैयारी करेगी
इनके खिलाफ दर्ज किया गया है मामला
विधायक राजेन्द्र गुढ़ा के अलावा प्रताप सिंह नांगल, दशरथ सिंह नांगल, पिंटू स्वामी, गोविंद वाल्मीकि, राकेश मीणा पचलंगी, पीए कृष्ण, पीए दीपेन्द्र सिंह शेखावत, टोनी पौंख, राजेन्द्र, रविन्द्र ठेकेदार, साहिल गुढा, गजेन्द्र सिंह शेखावत, जितेन्द्र सिंह गिरावड़ी, दीपक स्वामी व अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इनमें शिवदयाल स्वामी, राजेन्द्र मारवाल, गोविंद वाल्मीकि कांग्रेस से पार्षद हैं।
मुकदमें तो लगते रहते हैं। पुलिस पूरे मामले की तफ्तीश करेगी तो हकीकत सामने आएगी।
राजेंद्र गुढ़ा विधायक उदयपुरवाटी