झुंझुनू

Jhunjhunu News: हेलिकॉप्टर से दुल्हन लेकर उतरा गांव का लड़का, नजारा देखने उमड़ा ग्रामीणों का हुजूम

झुंझुनूं जिले के ढंढारिया गांव में शादी की खुशियों के बीच ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसे देखने के लिए पूरा गांव उमड़ पड़ा। भारतीय नौसेना में कार्यरत अभिनव पूनिया अपनी दुल्हन निकिता को हेलिकॉप्टर से लेकर सीधे गांव पहुंचे। बेटे की इस खास एंट्री के पीछे पूर्व सैनिक पिता राजेश पूनिया की एक भावुक इच्छा थी।
2 min read
• •
Updated: 12 Nov 2026, 4:41 PM IST
Jhunjhunu Wedding News
Jhunjhunu Wedding News: गांव ढंढारिया में हेलिकॉप्टर से दुल्हन को लाता दूल्हा (फोटो-पत्रिका)

झुंझुनूं। राजस्थान के झुंझुनूं जिले के मंड्रेला क्षेत्र के गांव ढंढारिया में बुधवार सुबह उस समय उत्सव जैसा माहौल बन गया, जब आसमान से गड़गड़ाहट के साथ हेलिकॉप्टर उतरता दिखाई दिया। हेलिकॉप्टर में सवार होकर गांव पहुंचे दूल्हे और उसकी दुल्हन को देखने के लिए ग्रामीणों का हुजूम उमड़ पड़ा। किसी ने इस खास पल को मोबाइल कैमरे में कैद किया तो कोई नवदंपती के साथ तस्वीर खिंचवाने के लिए उत्साहित नजर आया। गांव में दुल्हन की इस अनोखी एंट्री की दिनभर चर्चा होती रही।

दरअसल, ढंढारिया निवासी अभिनव पूनिया का विवाह मंगलवार रात चूरू जिले के बिंजूसर निवासी निकिता कुल्हड़िया के साथ संपन्न हुआ। शादी की रस्में पूरी होने के बाद बुधवार सुबह अभिनव अपनी जीवनसंगिनी को हेलिकॉप्टर से लेकर पैतृक गांव ढंढारिया पहुंचे। जैसे ही हेलिकॉप्टर गांव में उतरा, वहां पहले से मौजूद ग्रामीणों में खासा उत्साह देखने को मिला। नवविवाहित जोड़े का परिजनों, रिश्तेदारों और ग्रामीणों ने गर्मजोशी से स्वागत किया।

दूल्हा-दुल्हन के साथ तस्वीर खिंचवाते परिवार के लोग (फोटो-पत्रिका)

दूल्हे के पिता की सोच ने बहू की विदाई को बनाया खास

इस अनोखी पहल के पीछे दूल्हे के पिता राजेश कुमार पूनिया की सोच और इच्छा रही। पूर्व सैनिक राजेश पूनिया का कहना है कि उनके परिवार में बेटे और बेटी के बीच कभी कोई अंतर नहीं किया गया। वह चाहते थे कि घर में आने वाली बहू को भी बेटी की तरह ही प्यार, सम्मान और अपनापन मिले। इसी भावना के साथ उन्होंने बहू के गृह प्रवेश को यादगार बनाने के लिए उसे हेलिकॉप्टर से घर लाने की योजना बनाई थी। पिता की इस इच्छा को बेटे अभिनव ने पूरा किया और शादी के बाद दुल्हन को हेलिकॉप्टर से गांव लाकर परिवार के लिए इस पल को यादगार बना दिया। परिवार की यह पहल ग्रामीणों के बीच भी चर्चा का विषय बन गई।

हेलिकॉप्टर से उतरने के दौरान खड़े पुलिसकर्मी (फोटो-पत्रिका)

भारतीय नौसेना में कार्यरत हैं अभिनव

अभिनव पूनिया भारतीय नौसेना में कार्यरत हैं। वहीं, उनके पिता राजेश कुमार पूनिया भारतीय सेना से सेवानिवृत्त पूर्व सैनिक हैं। परिवार का सैन्य सेवा से जुड़ाव भी गांव में इस आयोजन को लेकर लोगों की उत्सुकता का एक कारण रहा। हेलिकॉप्टर की लैंडिंग के दौरान सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर पुलिस प्रशासन तथा दमकल विभाग की टीम भी मौके पर मौजूद रही।

हेलिकॉप्टर से उतरती दुल्हन को देखने जुटे ग्रामीण

हेलिकॉप्टर से दुल्हन के गांव पहुंचने का नजारा देखने के लिए बड़ी संख्या में महिलाएं, युवा और बुजुर्ग एकत्र हुए। ग्रामीणों ने नवदंपती के साथ तस्वीरें खिंचवाईं और उन्हें नए जीवन की शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दीं। इस तरह अभिनव और निकिता का गृह प्रवेश केवल परिवार के लिए ही नहीं, बल्कि पूरे गांव के लिए यादगार बन गया।

यह वीडियो भी देखें :

Updated on:
12 Nov 2026, 4:41 PM IST
Published on: