
Shekhawati News: उदयपुरवाटी। पंचायतीराज चुनाव के नतीजे आने के बाद अब गांवों की सियासत सड़कों पर उतर आई है। जहाज ग्राम पंचायत में सरपंच चुनाव के परिणाम को लेकर शुरू हुआ विवाद विधायक भगवानाराम सैनी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन में बदल गया। चुनाव में कथित धांधली और मतगणना के दौरान रिटर्निंग अधिकारी पर दबाव बनाने के आरोप लगाते हुए सैनी समाज के लोगों और समर्थकों ने कई स्थानों पर प्रदर्शन किया।
उदयपुरवाटी के शाकम्भरी गेट से लेकर गुढ़ागौड़जी, एसडीएम कार्यालय और विधायक के पौंख स्थित कार्यालय तक विधायक का विरोध जताया गया। जानकारी के अनुसार, जहाज ग्राम पंचायत में सरपंच पद की मतगणना के दौरान विवाद खड़ा हुआ। पूर्व सरपंच कविता सैनी के प्रतिनिधि कैलाश सैनी और उनके समर्थकों का आरोप है कि विधायक भगवानाराम सैनी ने मतगणना स्थल पर पहुंचकर रिटर्निंग अधिकारी पर अपनी पसंद के प्रत्याशी को जिताने का दबाव बनाया। आरोप है कि इसी दबाव में मतगणना प्रक्रिया प्रभावित हुई और दिनेश सैनी को विजयी घोषित कर दिया गया। प्रदर्शनकारियों ने चुनाव परिणाम को पक्षपातपूर्ण बताते हुए इसे जनता के जनादेश के साथ खिलवाड़ करार दिया।
प्रदर्शनकारियों ने केवल मतगणना पर ही सवाल नहीं उठाए, बल्कि कांग्रेस की टिकट वितरण प्रक्रिया को भी निशाने पर लिया। उनका आरोप था कि पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने गलत व्यक्ति को कांग्रेस का टिकट दे दिया। चुनाव परिणाम से नाराज समर्थकों ने इसे राजनीतिक और सामाजिक प्रतिष्ठा से जोड़ते हुए विधायक के खिलाफ मोर्चा खोल दिया।
दूसरी ओर, नवनिर्वाचित सरपंच दिनेश सैनी ने धांधली और दबाव बनाने के आरोपों को सिरे से खारिज किया। उन्होंने कहा कि जनता ने निष्पक्ष तरीके से अपना जनादेश दिया है। हार के बाद इस तरह के आरोप लगाना उचित नहीं है। पूर्व सरपंच पक्ष को जनादेश स्वीकार कर गांव के विकास और सेवा में सहयोग करना चाहिए।
जहाज ग्राम पंचायत का चुनाव परिणाम अब स्थानीय राजनीति में प्रतिष्ठा का सवाल बनता नजर आ रहा है। एक ओर पूर्व सरपंच पक्ष और समर्थक विधायक पर गंभीर आरोप लगाकर विरोध जता रहे हैं। वहीं नवनिर्वाचित सरपंच इसे जनादेश का अपमान बता रहे हैं। कई स्थानों पर विरोध ने साफ कर दिया है कि पंचायत चुनाव की यह लड़ाई परिणाम आने के बाद भी थमी नहीं है।