Jhunjhunu Road Accident: होली की खुशियों से ठीक एक दिन पहले मुकुंदगढ़ कस्बे में रविवार देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन ली।
मुकुंदगढ़। होली की खुशियों से ठीक एक दिन पहले मुकुंदगढ़ कस्बे में रविवार देर रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन ली। कस्बे में मुख्य बस स्टैंड पर पोल्ट्री फार्म का ट्रक पलटने से दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए।
थानाधिकारी ताराचंद यादव ने बताया कि रविवार देर रात 11 बजे के करीब हरियाणा नंबर का पोल्ट्री फार्म का ट्रक चूजों से भरा हुआ था। ट्रक लक्ष्मणगढ़ से मुकुंदगढ़ होते हुए दिल्ली जा रहा था। जैसे ही ट्रक मुकुंदगढ़ के मुख्य बस स्टैंड स्थित सर्किल के पास पहुंचा। चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा। ट्रक सर्किल से टकराने के बाद अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे खड़े एक पेड़ को तोड़ते हुए पलटी खा गया।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के समय ट्रक में तीन जने कायला, कोटपुतली निवासी हनुमानप्रसाद निवासी, डूमरोली, कोटपुतली निवासी राहुल समेत एक अन्य गंभीर घायल हो गए। हादसे की सूचना पर बाद पहुंची पुलिस ने राहत कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकालकर मुकुंदगढ़ के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
चिकित्सकों ने जांच के बाद ट्रक में सवार हनुमानप्रसाद व एक अन्य को मृत घोषित कर दिया। जबकि तीसरे व्यक्ति राहुल का सीएचसी में इलाज शुरू किया। दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को सीधा करने के लिए दो जेसीबी मशीनों की सहायता ली गई। जिसके बाद मार्ग पूरी तरह खुल सका। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और सर्किल पर संतुलन बिगड़ना माना जा रहा है। हालांकि पुलिस मामले की जांच कर रही है।