Khatu Shyam Mela: खाटूश्यामजी मेले के मद्देनजर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेलवे प्रशासन ने विशेष व्यवस्था की है। रेवाड़ी-सीकर रेलसेवा का विस्तार कर ट्रेन अब ढहर का बालाजी तक संचालित की जाएगी, जिससे यात्रियों को सीधी राहत मिलेगी।
झुंझुनूं। प्रसिद्ध तीर्थस्थल खाटू श्यामजी मंदिर में आयोजित होने वाले वार्षिक मेले को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अहम निर्णय लिया है। मेले के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए रेवाड़ी-सीकर-रेवाड़ी प्रतिदिन चलने वाली रेलसेवा का विस्तार अब ढहर का बालाजी स्टेशन तक किया जाएगा।
इससे मेले में आने-जाने वाले यात्रियों को सीधी और सुगम रेल सुविधा मिल सकेगी। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि गाड़ी संख्या 54804, रेवाड़ी-ढहर का बालाजी रेलसेवा 24 से 28 फरवरी 2026 तक कुल 05 ट्रिप संचालित की जाएगी। यह रेलसेवा प्रतिदिन रेवाड़ी से दोपहर 15:10 बजे रवाना होकर शाम 20:50 बजे सीकर पहुंचेगी तथा 21:00 बजे सीकर से प्रस्थान कर रात्रि 23:05 बजे ढहर का बालाजी पहुंचेगी।
इसी प्रकार वापसी में गाड़ी संख्या 54803, ढहर का बालाजी-रेवाड़ी रेलसेवा 25 फरवरी से 01 मार्च 2026 तक 05 ट्रिप संचालित होगी। यह ट्रेन प्रतिदिन प्रातः 04:35 बजे ढहर का बालाजी से रवाना होकर 06:40 बजे सीकर पहुंचेगी तथा 07:25 बजे सीकर से प्रस्थान कर दोपहर 12:30 बजे रेवाड़ी पहुंचेगी। रेलवे प्रशासन के अनुसार रेवाड़ी और सीकर के मध्य समय-सारणी में कोई परिवर्तन नहीं किया गया है।