
झुंझुनूं. पूर्व केन्द्रीय मंत्री एवं राज्यसभा सांसद सुब्रह्मणम स्वामी ने कहा है कि राजस्थान किसान कर्ज माफी योजना 2018 से कृषि क्षेत्र को कोई लाभ होने वाला नहीं है। हमें किसानों के उत्पाद को विदेशों में निर्यात करने के लिए के लिए एक ठोस योजना तैयार करनी होगी। फिर से लडखड़ाते देश की कृषि व्यवस्था को मजबूत करने के लिए हमें हर स्तर पर प्रयास करने होंगे।
डॉ. स्वामी सोमवार को यहां सर छोटूराम किसान संस्थान की ओर से एसएस मोदी स्कूल में आयोजित किसान एवं पशुपालक संगोष्ठी को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि देश को जरूरत है कि कृषि को प्रोत्साहन दें। भारतीय किसानों के उत्पाद की विदेशों में मांग बढ़े इसके लिए सरकार को कोल्ड स्टोरेज, बंदरगाह पर उनके उत्पाद को रखने के लिए व्यवस्था, छोटे-छोटे एयरपोर्ट आदि का निर्माण करना चाहिए।
दीपावली तक राम मंदिर का काम होगा शुरू
डॉ. स्वामी ने कहा कि दीपावली तक राम मंदिर का काम शुरू हो जाएगा। इसे कोई भी नहीं रोक सकता है। उन्होंने कहा कि यह संविधान का मूलभूत अधिकार है कि जहां पर आस्था हो और पूजन होता हो वह जगह पर पूजा का अधिकार है।
पाकिस्तान के चार टुकड़े कर देंगे
पहले की लड़ाई में पाकिस्तान के दो टुकड़े हुए थे। अब अगर ऐसी नौबत आई तो चार टुकड़े कर अलग-अलग देश बनाकर पाकिस्तान का नामोनिशान को ही मिटा देंगे।
झुंझुनूं में बने एयरपोर्ट
डॉ. स्वामी ने कहा कि वे यहां से जाकर देश के उडयन मंत्री से झुंझुनूं में एयरपोर्ट बनाने की मांग करेंगे। ताकि यहां के किसानों एवं उद्योग पतियों को आवाजाही में आसानी हो सके।
महागठबंधन ज्यादा चलने वाला नहीं
स्वामी ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि कर्नाटक में हमको जीत मिली थी। फिर भी राजनीतिक जोड़तोड़ कर जो महागठबंधन बना कर वहां की सत्ता को हथियाया गया है। यह अनैतिक सरकार है। यह एक राजनीतिक साजिश है। उन्होंने कहा कि आने वाले चुनावों में मोदी के नेतृत्व में फिर से हम सरकार बनाएगें और उसे कोई रोक नहीं सकता।