झुंझुनू

मकान निर्माण के दौरान करंट लगने से दो मजदूरों की दर्दनाक मौत, गांव में शोक की लहर

सूरजगढ़ क्षेत्र के कुलोठ कलां गांव में मकान निर्माण के दौरान करंट लगने से दो मजदूरों की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
less than 1 minute read
• •
Updated: 17 Jun 2025, 3:40 PM IST
electric shock
फोटो पत्रिका

सूरजगढ़ (झुंझुनूं)। क्षेत्र के कुलोठ कलां गांव में सोमवार को मकान निर्माण के दौरान करंट लगने से दो मजदूरों की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार, गांव के महावीर जाट के खेत में मकान निर्माण का कार्य चल रहा था। इसी दौरान मजदूर ईश्वर मेघवाल और दुलीचंद मेघवाल (दोनों निवासी कुलोठ कलां) लेंटर डालने से पहले सरिया सीधा कर रहे थे।

इसी दौरान सरिया खेत के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की एचटी लाइन से टकरा गया, जिससे दोनों को तेज करंट लगा और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया।

सूरजगढ़ थानाधिकारी हेमराज मीणा टीम के साथ मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। दोनों शवों को सूरजगढ़ के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया, जहां पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। थानाधिकारी ने बताया कि परिजन की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

ढीली लाइनों को तुरंत ठीक करने की मांग

ग्रामीणों ने हादसे का कारण खेत के ऊपर से गुजर रही ढीली एचटी लाइन को बताया है। उन्होंने बिजली निगम से ऐसी लापरवाहियों पर अंकुश लगाने और ढीली लाइनों को तुरंत ठीक करने की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Updated on:
17 Jun 2025, 3:40 PM IST
Published on: