
जोधपुर. जोधपुर में मंगलवार का दिन राहत लेकर आया। लॉकडाउन के नतीजे से जोधपुर में 51 दिन बाद कोरोना का आंकड़ा एक सौ के आसपास पहुंचा, मंगलवार को केवल 113 ही मरीज सामने आए। इससे पहले गत 4 अप्रेल को 194 केस सामने आए थे। उसके बाद लगातार कोरोना बढ़ता गया। संक्रमण की घटती दर ने मंगलवार शाम सभी के चेहरे पर खुशियां ला दी। 703 मरीजों को डिस्चार्ज दिया गया है और 12 की मौत हो गई। मई माह के 25 दिनों में 32119 जने संक्रमित, 46291 डिस्चार्ज और 690 ने दम तोड़ा है। वहीं इस साल अब तक 69772 जने संक्रमित, 60335 डिस्चार्ज और 1134 मौतें हुई हैं।
एम्स जोधपुर में आशापूरन निवासी मूंगी देवी (50 ), सुभाष चौक रातानाडा निवासी ओमप्रकाश परिहार ( 60), कानासर बाप निवासी कंवर लाल ( 41), जोधपुर निवासी सुनील शर्मा ( 57), बासनी प्रथम फेज निवासी उम्मेदसिंह ( 58) का निधन हो गया। एमडीएम अस्पताल में लूनी निवासी कुकी देवी ( 46), बासनी तिंवरी निवासी हीरादेवी ( 45), बिरामी लूनी निवासी तमन्ना ( 39), बासनी निवासी सायर देवी ( 60), ओसियां निवासी उदयसिंह ( 71) और फलोदी निवासी सलीमत ( 50) की भी मौत हो गई। एमजीएच में ओसियां निवासी दूदाराम ( 55) की मौत हो गई।
4835 को लगा कोविड टीका
जोधपुर में 4835 को मंगलवार को कोविड का पहला टीका लगा। हैल्थ वर्कर्स में 155 प्रथम डोज, 31 द्वितीय डोज, फ्रंटलाइन वर्कर्स में 105 प्रथम, 64 द्वितीय डोज, 18 से 44 आयुवर्ग में 2637 को द्वितीय, 45 से 60 वर्ष में 1627 प्रथम, 244 को द्वितीय डोज, 60 से अधिक आयु में 311 प्रथम व 131 ने द्वितीय डोज लगवाई। सैकंड डोज 470 ने लगवाई। आरसीएचओ डॉ. कौशल दवे ने बताया कि 84 जगह वैक्सीनेशन हुआ।