
जोधपुर।
चक्रवात ताऊते को लेकर प्रदेश में हाई अलर्ट जारी हो गया है, लेकिन शहर के लिए चिंता की बात यह है कि 116 मकान तो चिह्नित जर्जर है, जिनको सिवाय मकान खाली करने की हिदायत के कुछ नहीं किया जा सकता।
नगर निगम आयुक्त उत्तर रोहिताश तोमर ने सोमवार को अधिकारियों की बैठक ली और तूफान से निपटने के लिए दिशा निर्देश दिए। तोमर ने बताया कि 18, 19 और 20 मई को जोधपुर में ताउते तूफान को लेकर भारी बारिश और तेज अंधड़ की चेतावनी दी गई है। निगम उत्तर ने अपने क्षेत्र में स्थित जर्जर और क्षतिग्रस्त मकानों की सूची तैयार की है और लगभग 116 मकानों को नोटिस जारी कर दिए गए हैं। इन सभी को मंगलवार तक नोटिस तामिल करवा दिए जाएंगे। तोमर ने बताया कि जो मकान अत्यधिक क्षतिग्रस्त है उनमें रहने वालों को किसी अन्यत्र सुरक्षित जगह शिफ्ट करने का प्रयास किया जाएगा। उनके रहने व खाने-पीने की व्यवस्था नगर निगम उत्तर की ओर से की जाएगी, साथ ही जिन मकानों में मरम्मत की आवश्यकता है उसके लिए मकान मालिकों को नोटिस जारी कर जल्द से जल्द मरम्मत करने के निर्देश जारी किए गए हैं। तोमर ने सभी मुख्य सफाई निरीक्षक व तकनीकी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वह अगले 48 घंटे तक अपने-अपने फील्ड में रहेंगे। जहां कहीं भी भारी बारिश के बाद पानी भराव होने, इमारत गिरने या अन्य कोई हादसे की सूचना आती है तो त्वरित रेस्पॉन्स किया जाएगा। सभी मुख्य सफाई निरीक्षकों को एक जेसीबी, एक ट्रैक्टर अतिरिक्त दिया गया है।
क्षतिग्रस्त मकानों की वस्तुस्थिति जानी
नगर निगम उपायुक्त उत्तर शैलेंद्र सिंह ने सोमवार को विनय कल्ला, एईएन मुकेश पुरोहित, अतिक्रमण प्रभारी सुरेश हंस के साथ चेतानियो की गली, भीमजी का मोहल्ला, क्षेत्रपाल भेरूजी की गली का फील्ड विजिट किया और वहां क्षतिग्रस्त मकानों में रहने वालों को अन्यत्र जगह शिफ्ट होने की अपील की।