जोधपुर

कार की बैक लाइट के अंदर छुपा अफीम का २.३ किलो दूध जब्त

- दो युवक गिरफ्तार, कार जब्त - चूरू में गलगति तिराहे पर एनसीबी की कार्रवाई
less than 1 minute read
May 04, 2019
2.3 Kg opium siezed, two arrest
कार की बैक लाइट के अंदर छुपा अफीम का २.३ किलो दूध जब्त

जोधपुर.
नारकोटिक्स कन्ट्रोल ब्यूरो ने चूरू जिले में भलेरी थानान्तर्गत गलगति तिराहे पर कार से अफीम का २.३ किलो दूध जब्त कर दो युवकों को गिरफ्तार किया। जब्त मादक पदार्थ कार की पीछे वाली लाइट के अंदर बनी कैविटी (गुप्त स्थान) में छुपा रखा था।

ब्यूरो के क्षेत्रीय निदेशक विजेन्द्रसिंह ने बताया कि मध्यप्रदेश से अफीम के दूध की बड़ी खेप आने की सूचना मिली। इस पर एनसीबी की अजमेर उप इकाई की टीम ने चूरू जिले में भलेरी थानान्तर्गत गलगति तिराहे पर बुधवार देर रात जांच शुरू की। तब वहां आई हरियाणा नम्बर की एक कार रोककर तलाशी ली गई, लेकिन एकबारगी कार में कुछ संदिग्ध नहीं मिला, लेकिन पुख्ता सूचना होने पर ब्यूरो ने सघनता से तलाशी ली। तब कार के पीछे वाली लाइट के अंदर काटकर बनाए गुप्त स्थान में अफीम का २.३ किलो दूध नजर आया। जिसे जब्त कर लिया गया।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर हरियाणा में फतेहाबाद के रतिया निवासी पंकज कुमार पुत्र गोमाराम व फतेहाबाद में कार्नोली निवासी सतपाल पुत्र फलकूराम को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों को शुक्रवार को चूरू जिले के राजगढ़ स्थित कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

एमपी से लाए थे अफीम, हरियाणा में होनी थी सप्लाई
गिरफ्त में आए दोनों आरोपियों से पूछताछ में सामने आया कि कार में जब्त मादक पदार्थ मध्यप्रदेश से लाई जा रही थी। इनकी सप्लाई हरियाणा में दी जानी थी। तस्करों के बारे में पूछताछ की जा रही है।

Updated on:
04 May 2019 12:56 am
Published on:
04 May 2019 12:56 am