
जोधपुर.
एसओजी जोधपुर ने जालोर जिले के सांचौर में बुधवार को 24200 की जाली भारतीय मुद्रा जब्त कर एक युवक को गिरफ्तार किया। वह पैंतीस हजार रुपए के बदले एक लाख की जाली मुद्रा बेचने आया था। अन्य जाली मुद्रा बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
एसओजी सूत्रों के अनुसार सांचौर में एक युवक के पास जाली मुद्रा होने की सूचना मिली। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलसिंह के निर्देशन में निरीक्षक जब्बरसिंह ने सांचौर में पांच दिन कैम्प कर व्हॉट्सऐप के मार्फत उस युवक से सम्पर्क कर जाली मुद्रा खरीदने की इच्छा जताई। चार-पांच दिन तक युवक से व्हॉट्सऐप चैट व रैकी की गई। चैटिंग के दौरान युवक ने सौ-सौ व दो हजार की जाली मुद्रा के फोटो भी भेजे। तत्पश्चात युवक 33 हजार रुपए के बदले एक लाख की जाली भारतीय मुद्रा देने को तैयार हो गया। इसके लिए उस युवक ने सांचौर में समाज की एक धर्मशाला के पास बुलाया। सादे वस्त्रों में एसओजी टीम अलग-अलग जगह खड़ी हो गई।
इस बीच, चितलवाना थानान्तर्गत मोहनलाल पुत्र सुरेन्द्र बिश्नोई वहां आया और कार में मौजूद निरीक्षक जब्बरसिंह से बात की। उसने एक लाख की जाली मुद्रा के बदले 33 हजार की जगह 35 हजार रुपए मांगे। उसे रुपए गिनाने शुरू किए गए। तभी निरीक्षक जब्बरसिंह के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल हजारीराम, कांस्टेबल मनहीतसिंह व धर्मेन्द्र कुमार ने मोहनलाल को घेर लिया। उसने भागने का प्रयास किया, लेकिन उसे दबोच लिया गया। तलाशी लेने पर 24200 की जाली भारतीय मुद्रा जब्त की गई। उससे शेष जाली मुद्रा बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
जालोर के नोडल पुलिस स्टेशन भीनमाल में एफआइआर दर्ज कराई गई है। आरोपी को गिरफ्तार किया गया। वह बीएड कर चुका है।