11 अगस्त 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

मारवाड़ के लोगों के लिए खुशखबरी: जोधपुर शहर को जोड़ने वाला यह हाईवे होगा 4 लेन

मारवाड़ के लोगों के लिए खुशखबरी है। जोधपुर-पचपदरा हाईवे को फोरलेन करने का प्रस्ताव तैयार कर एनएचएआइ मुख्यालय भेजा गया है। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद बाड़मेर रोड भी फोरलेन हो जाएगी।
2 min read
Google source verification
जोधपुर-पचपदरा हाईवे

जोधपुर-पचपदरा हाइवे पर दो लेन सड़क। फाइल फोटो पत्रिका

जोधपुर। राजस्थान के जोधपुर शहर को दूसरे प्रमुख शहरों और औद्योगिक क्षेत्रों से जोड़ने वाली सड़कों के नेटवर्क में अब एक और बड़ी कड़ी जुड़ने जा रही है। जोधपुर-पचपदरा हाईवे को फोरलेन करने का प्रस्ताव तैयार कर एनएचएआइ मुख्यालय भेजा गया है। करीब 87 किलोमीटर लंबी इस सड़क को फोरलेन करने पर लगभग 2100 करोड़ रुपए खर्च होने का अनुमान है। प्रस्ताव को मंजूरी मिलने के बाद बाड़मेर रोड भी फोरलेन हो जाएगी।

यह सड़क लंबे समय से जोधपुर से निकलने वाले प्रमुख हाइवे में सबसे महत्वपूर्ण दो लेन सड़क बनी हुई थी। ‘राजस्थान पत्रिका’ ने भी इस सड़क को फोरलेन करने की जरूरत और यहां बढ़ते यातायात का मामला प्रमुखता से उठाया था। अब एनएचएआइ ने इसे फोरलेन करने का प्रस्ताव मुख्यालय भेजा है।

दरअसल, जोधपुर शहर से निकलने वाले ज्यादातर प्रमुख हाईवे अब फोरलेन हो चुके हैं। जयपुर मार्ग, पाली मार्ग और जैसलमेर मार्ग पर चार लेन सड़क की सुविधा उपलब्ध है। वहीं नागौर रोड को भी खेड़ापा से आगे नागौर तक फोरलेन करने का काम शुरू हो चुका है। ऐसे में जोधपुर से पचपदरा-बालोतरा की तरफ जाने वाला मार्ग ही प्रमुख दो लेन सड़क के रूप में बचा था।

रिफाइनरी और निवेश कॉरिडोर के कारण बढ़ा महत्व

जोधपुर-पचपदरा मार्ग का महत्व पिछले कुछ वर्षों में तेजी से बढ़ा है। पचपदरा में रिफाइनरी और पेट्रोकेमिकल परियोजना के साथ ही क्षेत्र में औद्योगिक निवेश और नए निवेश कॉरिडोर विकसित हो रहे हैं। इससे भारी वाहनों के साथ यात्री वाहनों का दबाव भी लगातार बढ़ रहा है।

फिलहाल बोरानाडा से आगे पचपदरा तक दो लेन सड़क पर ही वाहनों की आवाजाही होती है। प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है तो जोधपुर से निकलने वाले प्रमुख हाइवे नेटवर्क को फोरलेन कनेक्टिविटी मिल जाएगी। इससे शहर के साथ पश्चिमी राजस्थान के औद्योगिक और निवेश क्षेत्रों की कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी।

यह है स्थिति

  • जोधपुर-पचपदरा सड़क: 87 किलोमीटर।
  • प्रस्तावित चौड़ाई: 4 लेन।
  • अनुमानित लागत: करीब 2100 करोड़ रुपए।
  • प्रस्ताव: एनएचएआइ मुख्यालय भेजा।
  • सबसे बड़ा फायदा: रिफाइनरी व औद्योगिक क्षेत्र को बेहतर कनेक्टिविटी।
  • स्थिति: अभी बोरानाडा से पचपदरा तक प्रमुख हिस्सा दो लेन।