
16 लाख 25 हजार रुपए नकद बरामद. Photo- Patrika
Jodhpur News: जोधपुर । पाल रोड के सीताराम नगर में एक मकान में कथित तौर पर मादक पदार्थों के कारोबार से जुटाई गई रकम के बंटवारे की सूचना ने पुलिस को अलर्ट कर दिया । जोधपुर के चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थाना पुलिस और डीएसटी पश्चिम की संयुक्त टीम ने मकान पर दबिश दी तो वहां पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया । पुलिस ने तलाशी के दौरान 16 लाख 25 हजार रुपए नकद बरामद किए । मौके से तीन लग्जरी कारें भी जब्त की गईं । पुलिस ने भूताराम और सुनील को गिरफ्तार किया है । यह कार्रवाई पुलिस कमिश्नर अंशुमन भोमिया और डीसीपी पश्चिम कमल शेखावत के निर्देश पर चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थाना पुलिस और डीएसटी पश्चिम की संयुक्त टीम ने की ।
थानाधिकारी गोविंद व्यास के अनुसार डीएसटी पश्चिम को सूचना मिली थी कि सीताराम नगर स्थित एक मकान में दो से तीन लोग जुटे हुए हैं और उनका संबंध मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से बताया जा रहा है । पुलिस को मिली सूचना में यह भी बताया गया कि मादक पदार्थों के कारोबार से जुटाई गई रकम का आपस में बंटवारा किया जाना है । मकान में बड़ी मात्रा में नकदी और अन्य सामान मौजूद होने की भी संभावना जताई गई थी । सूचना के आधार पर पुलिस और डीएसटी की संयुक्त टीम ने मकान पर दबिश दी । पुलिस के पहुंचते ही वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई । टीम ने मकान की तलाशी ली तो 16.25 लाख रुपए नकद बरामद हुए । पुलिस ने मकान से मिली नकदी जब्त कर ली ।
चौपासनी हाउसिंग बोर्ड थाना पुलिस ने कार्रवाई के दौरान मकान के आसपास मौजूद तीन लग्जरी कारें भी पुलिस ने जब्त की हैं । पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि 16 लाख 25 हजार रुपए वास्तव में मादक पदार्थों के कारोबार से जुड़े हैं या नहीं । इसके साथ ही रकम किसके पास से आई और इसका आगे कहां इस्तेमाल किया जाना था, इसकी भी जांच की जा रही है । मोबाइल फोन, बैंक लेन-देन और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पुलिस पड़ताल कर रही है ।
Updated on:
11 Aug 2026 02:58 pm
Published on:
11 Aug 2026 02:58 pm
