
बैंक में सौ-सौ के 37 जाली नोट जमा, एफआइआर दर्ज
- आरबीआइ में जांच के दौरान पकड़ में आए जाली नोट
जोधपुर.
चौपासनी रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में सौ-सौ के 37 जाली नोट जमा करा दिए गए। जयपुर में रिजर्व बैंक ऑफ इण्डिया की जांच में यह नोट जाली पाए गए। सरदारपुरा थाने में जयपुर स्थित नोडल पुलिस स्टेशन गांधी नगर से प्राप्त एफआइआर पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस के अनुसार नवम्बर 2020 से जून 2021 के बीच जोधपुर की विभिन्न बैंकों से आरबीआइ जयपुर में गंदे जांच के लिए भेजे गए थे। इनकी जांच करने पर सौ-सौ के 37 नोट जाली पाए गए थे। यह जाली नोट जोधपुर में चौपासनी रोड स्थित पंजाब नेशनल बैंक में जमा कराए गए थे। आरबीआइ बैंक के जगदीशचन्द्र पारीक ने जयपुर के नोडल पुलिस स्टेशन गांधी नगर में एफआइआर दर्ज कराई। जांच में मामला जोधपुर पुलिस कमिश्नरेट का निकला। ऐसे में मामले को कमिश्नरेट के नोडल पुलिस स्टेशन सरदारपुरा भेज दिया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर एसआइ बाबूराम को जांच सौंपी है।