जोधपुर

शाबास MDM hospital, जोधपुर में चार संक्रमित मरीज की रिपोर्ट जांच में आई नेगेटिव

प्रथम संक्रमित मरीज, उसकी चाची, लंदन से लौटे दो दोस्त संक्रामक रोग संस्थान शिफ्ट, डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज के माइक्रोबायोलॉजी विभाग लैब में कोरोना वायरस की जांच करने वाली मशीन हांफी, बाद में हुई दुरुस्त
2 min read
4 corona patient's report came negative in jodhpur
शाबास MDM hospital, जोधपुर में चार संक्रमित मरीज की रिपोर्ट जांच में आई नेगेटिव

अभिषेक बिस्सा/जोधपुर. मथुरादास माथुर अस्पताल में कोरोना वायरस को लेकर संकट गत 22 मार्च से शुरू हो गया था। इस बीच शुक्रवार शाम को सुखद खबर आई। यहां भर्ती जोधपुर के स्थानीय निवासी 4 मरीज की रिपोर्ट दोबारा कंफर्मेशन जांच में नेगेटिव आ गई। इन मरीजों को शुक्रवार रात एमडीएम अस्पताल से कमला नेहरू टीबी एंड चेस्ट अस्पताल स्थित संक्रामक रोग संस्थान शिफ्ट कर दिया गया। यहां भी इनकी जांच होगी, फिर इन्हें डिस्चार्ज भी किया जा सकता है।

नेगेटिव आने वालों में शास्त्रीनगर सी सेक्टर निवासी प्रथम मरीज, उसकी चाची, लंदन से लौटे चौपासनी हाउसिंग बोर्ड निवासी व बीजेएस आरटीओ निवासी दोस्त की जांच नेगेटिव आई है। कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. जीएल मीणा व अधीक्षक डॉ. महेन्द्र आसेरी ने कहा कि ये राहत भरी खबर है। इससे पहले पाली से आए रोगी को भी एमडीएम अस्पताल ने स्वस्थ करके भेजा था।

वहीं अस्पताल में इन दिनों कोरोना संक्रमित वार्ड में मेडिसिन के सहायक आचार्य डॉ. वीरम परमार, डॉ. हेमंत बोराणा, डॉ. गोपाल प्रजापत, डॉ. किशोर, डॉ. प्रदीप, डॉ. अतुल सोनी, डॉ. मनीष, डॉ. अशोक, डॉ. भवानी, डॉ. संतोष, डॉ. सुनील, नर्सेज में वालाराम, नटवर भार्गव, गोपाल व्यास व गजेन्द्र आदि सेवाएं दे रहे हैं।

संक्रामक रोग संस्थान में अव्यवस्था की शिकायत
जानकारी अनुसार कुछ नेगेटिव मरीज ने संक्रामक रोग संस्थान में पहुंचने के बाद अव्यवस्था की शिकायत भी की है। हालांकि प्रशासन वहां भी धीरे-धीरे व्यवस्थाएं सुधार रहा है।

कोरोना वायरस जांच करने वाली मशीन हांफी
डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज में स्थित माइक्रोबायोलॉजी लैब में कोरोना वायरस मरीजों की जांच करने वाली मशीन हांफ गई। कई देर बाद मशीन दुरुस्त हुई। मशीन में एरर आना बताया जा रहा है। इसके बाद प्रशासन ने राहत की सांस ली। इस कारण कई सैंपल लगने में दिक्कतें आई। ये मशीन इन दिनों 24 घंटे चल रही हैं। सैकड़ों सैंपल यहां जांच के लिए आ रहे हैं।

Published on:
04 Apr 2020 12:58 pm