
जोधपुर. सूर्यनगरी में कोरोना वापसी कर गया है। आंकड़ों में आ रही तेजी से संक्रमितों की संख्या बदस्तूर बढ़ रही है। अस्पतालों में मरीजों को भर्ती करने की मशक्कत शुरू हो चुकी है। व्यवस्थाएं दुरुस्त करने की तैयारी भी अस्पताल करने लगे हैं। एम्स में फिर से बामुश्किल रोगियों को भर्ती किया जा रहा है। वहीं बुधवार को जोधपुर में चौथी बार 6 सौ प्लस का आंकड़ा गया। एक दिन में 601 पॉजिटिव और 6 मरीजों की मौत हो गई। जबकि इससे पहले गत 24 सितंबर को 630 संक्रमित आए थे। अब 48 दिन बाद कोरोना ने फिर डराया है।
जोधपुर में अब तक 41016 मरीज संक्रमित और 556 से ज्यादा मौतें हुई हैं। नवंबर के बीते 11 दिनों में 4464 मरीज संक्रमित और 51 से ज्यादा मौतें हुई हैं।
महात्मा गांधी अस्पताल में बलदेव नगर निवासी सरस्वती देवी (64 ) की मौत हो गई। मथुरादास माथुर अस्पताल में ओमप्रकाश पुरोहित (75 ), प्रतापनगर निवासी राजेश चौहान ( 51) की मौत हो गई। इन्हें हैड इंजरी भी थी। इसी अस्पताल में बावड़ी बेरा मगरा पूंजला निवासी बालकिशन ( 74) का भी निधन हो गया। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान ( एम्स) जोधपुर में गीता ( 60) व पुरानी बस्ती सूथला निवासी मगराज ( 58) की मौत हो गई।
सीएमएचओ की पत्नी, डिप्टी सीएमएचओ, कई सीनियर्स डॉक्टर्स भी पॉजिटिव
जोधपुर सीएमएचओ डॉ. बलवंत मंडा की पत्नी, डिप्टी सीएमएचओ डॉ. प्रीतमसिंह, एमडीएम के सीनियर्स डॉक्टर डॉ. अरविंद जैन, डॉ. नवीन किशोरिया, डॉ. इंदु थानवी व डॉ. हरिश अग्रवाल भी इन दिनों संक्रमित चल रहे है।
चुनाव का असर तो नहीं
नगर निगम चुनाव में जोधपुर के लोग सोशल डिस्टेंसिंग भूलते दिखे थे। इसका ही नतीजा है कि एकाएक संख्या बढ़ गई है। वहीं अब त्योहारी सीजन में लोगों को बाजार जाते वक्त विशेष ध्यान रखना होगा वरना दिवाली के बाद आंकड़े और तेजी पकड़ सकते हैं।