
फलोदी। नेशनल हाइवे-125 पर मड़ला कलां स्थित पेट्रोल पंप पर रविवार रात कार में डीजल भरवाने के बाद रुपए मांगने पर फायरिंग की। वारदात के बाद भागे पांच आरोपियों को देर रात गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस अधीक्षक जोधपुर ग्रामीण राजन दुष्यंत के अनुसार पुलिस थाना फलोदी के खुमानसिंह पुत्र विक्रमसिंह निवासी देचू ने रिपोर्ट पेश कर बताया कि एनएच-125 पर मड़ला कलां सरहद के पास उसका गणपति फिलिंग स्टेशन है। रविवार रात करीब 10.30 बजे स्वयं व उसका सैल्समेन तनसिंह पुत्र शैतानसिंह निवासी भैसड़ा पेट्रोल पंप पर बैठे थे।
इस दौरान पंप पर 6-7 लड़के कार में सवार होकर आए तथा 500 रुपए का डीजल भरवाया। रुपए मांगे तो नहीं दिए। इस दौरान अगरसिंह नामक एक युवके ने टोपीदार बंदूक से फायर कर दिए। फायर के दौरान स्वयं व सैल्समैन नीचे बैठ गए और फायर ऊपर से निकल गया।
सभी लड़कों ने सैल्समेन की जेब में रखी डीजल सेल की 15 हजार की नकदी लूट ली और फिर से एक फायर करके देचू की तरफ भाग निकले।
वारदात के बाद देचू थानाधिकारी दीपसिंह ने पुलिस जाब्ते के साथ नाकाबंदी की, तो देर रात 1.30 बजे गुमानपुरा फांटा पर तेज गति से आती सफेद रंग की कार रुकवा कर अगरसिंह, देवीसिंह, जोगेन्द्रसिंह, वीरेन्द्रसिंह, भैरुलाल पालीवाल को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में सभी ने गणपति फिलिंग स्टेशन पर हुई वारदात को अंजाम देना स्वीकर कर लिया।