
जोधपुर. कोरोना के जोधपुर में मंगलवार को 120 नए मामले सामने आए और 5 संक्रमितों की मौत हो गई। इसके बाद जोधपुर में अब तक 13 हजार से ज्यादा लोग कोरोना संक्रमित हो गए हैं। हालांकि जानकारी अनुसार स्वास्थ्य विभाग को एक लैब की रिपोर्ट नहीं मिली है, इस कारण आंकड़ा महज 120 पर आकर थम गया।
नागौरी गेट निवासी मोहम्मद अकरम ( 59), उम्मेद चौक निवासी सुशीला (70), चांदपोल के बाहर विद्याशाला स्कूल के पास निवासी भीमसिंह (63) और बिलाड़ा निवासी मोहम्मद तैय्यब (50) की कोरोना से मौत हो गई। वहीं सोमवार देर रात नवचौकिया स्थित चूने की चौकी ब्रह्मपुरी निवासी अरुणा सेन (65 ) की भी मौत हो गई थी। इन सभी मृतकों को अन्य बीमारी भी बताई गई। भीमसिंह में मरणोपरांत कोरोना पॉजिटिव पाया गया। जोधपुर में अब तक 13016 मरीज संक्रमित और 178 मरीज दम तोड़ चुके हैं। अब तक 10155 मरीज डिस्चार्ज किए जा चुके हैं। मंगलवार को जारी रिपोर्ट में 251 मरीज डिस्चार्ज हुए।
स्टेट की रिपोर्ट ने 4 मरीज और 3 मौतें बताईं कम
स्टेट की रिपोर्ट में मंगलवार को 116 संक्रमित बताए गए, जो कि वास्तविक संख्या से 4 कम है। वहीं केवल 2 मौतें बताई गई, जोधपुर में कुल इस दिन 5 मौतें हुई हैं।
लोकल रिपोर्ट जारी नहीं करने से बढ़ेगा संक्रमण
स्वास्थ्य विभाग की ओर से लोकल रिपोर्ट जारी नहीं होने से लोगों को पता नहीं चल पा रहा है कि उनके घर के आसपास क्षेत्र में कौन संक्रमित आया है। जबकि इन हालातों में शहर में संक्रमण अधिक बढऩे के आसार हो गए हैं।
कोरोना मीटर
अस्पताल- एमडीएम, एम्स जोधपुर, एमजीएच, बोरानाडा कोविड सेंटर
कुल पॉजिटिव भर्ती-2683
पॉजिटिव से नेगेटिव-10156
डिस्चार्ज-10155
कुल मौतें-178