
जोधपुर . जोधपुर में दिनोंदिन अपराधियों के हौसले बुलंद होने लगे हैं। पहले ही फायरिंग से दहशत झेल रहे शहर में आए दिन कई वारदातें इसे जख्म पहुंचाने लगे हैं। इस कड़ी में शहर के निकट ओसियां कस्बे में सोमवार को मोटरसाइकिल सवार एक व्यक्ति से कार में आए लुटेरों ने 5 लाख रुपए से भरा बैग लूट लिया। लुटेरे वारदात के बाद फरार हो गए। रेकी करने वाले एक जने को पुलिस ने हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ जारी है। जिले भर में नाका बंदी करवाई गई है।
ओसियां थाना पुलिस के अनुसार कपूरिया निवासी भिया राम जाट शाम करीब 4 बजे मोटरसाइकिल पर जा रहा था। उसने ओसियां के यूको बैंक से 5 लाख रुपए निकाले थे। वह मोटरसाइकिल खड़ी कर किसी काम से दुकान पर गया। पीछे से कार सवार है लुटेरे बैग उठाकर भाग गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। वारदात की रेकी करने वाले एक व्यक्ति को पुलिस ने हिरासत में लिया है। कार सवार चार अन्य का सुराग नहीं लगा है। उन्हें गिरफ्तार करने के लिए नाका बंदी करवाई गई है।
युवती के हाथ से बैग झपटा
जोधपुर. शहर में महिलाओं से बैग लूटने की घटनाएं थम नहीं रही है। पुलिस पिछली वारदातों का खुलासा करती, इससे पहले लुटेरों ने एक और वारदात कर दी। इस बार बाइक सवार दो लुटेरों ने उदयमंदिर थाना क्षेत्र के चांदशाह तकिया रोड पर जा रही युवती को निशाना बनाया। लुटेरों ने झपट्टा मारकर युवती के हाथ से बैग लूट लिया। बैग में मोबाइल व दस्तावेज थे। लुटेरों का सुराग नहीं लगा है।
उदयमंदिर थाना पुलिस के अनुसार पोकरण हवेली त्रिपोलिया बाजार निवासी जया पुरोहित पुत्री राधेश्याम स्कूटी लेकर जा रही थी। शाम करीब साढ़े सात बजे चांदशाह तकिया रोड पर पीछे से बाइक सवार दो युवक आए और उसके हाथ से बैग छीनकर भाग गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामला दर्ज कर लुटेरों की तलाश शुरू कर दी।