जोधपुर

एरियर के 25 लाख दिलाने के बदले 5 हजार रिश्वत ली, वरिष्ठ सहायक गिरफ्तार

- तनख्वाह पूरी न मिलने से पीएचइडी में चालक को बच्चों की शादी करने में हो रही थी दिक्कत
less than 1 minute read
Jul 13, 2021
एरियर के 25 लाख दिलाने के बदले 5 हजार रिश्वत ली, वरिष्ठ सहायक गिरफ्तार
एरियर के 25 लाख दिलाने के बदले 5 हजार रिश्वत ली, वरिष्ठ सहायक गिरफ्तार

जोधपुर.
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने मिल्क मैन कॉलोनी स्थित जलदाय विभाग के ड्रिलिंग एण्ड हैण्ड खण्ड के सहायक अभियंता कार्यालय में वरिष्ठ सहायक को पांच हजार रुपए रिश्वत लेने सोमवार को गिरफ्तार किया। उसने विभाग के वाहन चालक से एरियर के 25 लाख रुपए का भुगतान करने की एवज में रिश्वत ली थी।

ब्यूरो के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भोपालसिंह लखावत ने बताया कि डेगाना निवासी सांवरमल पुत्र जैताराम डूडी यहां मिल्कमैन कॉलोनी में जलदाय विभाग के ड्रिलिंग एण्ड हैण्ड पंप खण्ड के सहायक अभियंता कार्यालय में वाहन चालक है। किसी कारणवश उसे वर्ष 2005-06 से पूरी तनख्वाह नहीं मिल पा रही है। छठा व सातवां वेतन आयोग और द्वितीय व तृतीय चयनित वेतनमान के हिसाब से उसे 25 लाख रुपए का एरियर मिलना है। इसके लिए उसने विभाग के अफसरों से सम्पर्क किया। वरिष्ठ सहायक विक्रम शर्मा ने पांच हजार रुपए रिश्वत मांगी। जिसकी शिकायत उसने अपने परिचित के मार्फत एसीबी से की। गोपनीय सत्यापन कराने पर आरोपी ने दो हजार रुपए ले लिए। साथ ही पांच हजार रुपए और मांगने की पुष्टि हुई।
एसीबी ने सोमवार को सांवरमल को रिश्वत राशि देने के लिए कार्यालय भेजा, जहां उसने वरिष्ठ सहायक को पांच हजार रुपए दिए। तभी इशारा मिलते ही एसीबी के निरीक्षक रूपसिंह व टीम ने दबिश देकर परिहार नगर में गणेश नगर निवासी वरिष्ठ सहायक विक्रम पुत्र चुन्नीलाल शर्मा को गिरफ्तार कर लिया।

चार बच्चों की शादी के लिए हो रही थी परेशानी
एसीबी का कहना है कि परिवादी सांवरमल दस महीने बाद ही सेवानिवृत्त होने वाले हैं। उसके चार बच्चे हैं। जिनकी शादी करनी है, लेकिन तनख्वाह पूरी न मिलने से उसे परेशानी हो रही थी। उसके पास शादी कराने के लिए भी रुपए नहीं थे। फिर भी विभाग के अधिकारी एरियर का भुगतान न कर रिश्वत मांग रहे थे।

Published on:
13 Jul 2021 05:36 pm