
जोधपुर. शहर में कोरोना के मरीज मंगलवार को और दिन के मुकाबले कम आए, लेकिन अफसोस कोरोना पीडि़त 4 मरीजों की मौत हो गई। एक-एक मौत एमजीएच व एम्स और दो मरीजों की मौत एमडीएम अस्पताल में हुई हैं। डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज ने अपनी रिपोर्ट में 34, एम्स ने 6 और डीएमआरसी ने 12 नए संक्रमित आने की पुष्टि की है। वहीं प्रशासन ने सैंपल लेने की सूची मंगलवार को जारी नहीं की।कोरोना से बापिणी निवासी नेकू खान ( 40), चौपासनी हाउसिंग बोर्ड सेक्टर 16 निवासी दिनेश हर्ष (56 ), राईका बाग निवासी देवीलाल ( 39) और कबीर नगर निवासी अकबर ( 44) की मौत हो गई। इन सभी को कोरोना के अलावा अस्पतालों से विभिन्न अन्य बीमारी होना भी बताया गया है। जोधपुर में अब तक 7291 मरीज संक्रमित और 105 मरीजों की मौत हो चुकी है। प्रशासन ने अपनी अधिकृत सूची में फिलहाल 4 मौतें कम लिख रखी हैं।
यहां से आए 52 संक्रमित
जोधपुर कैंट, कबीर नगर, सरदारपुरा, जालोरी गेट, पहाडग़ंज, शास्त्री नगर, चौपासनी हाउसिंग बोर्ड क्षेत्र, बासनी, कुड़ी हाउसिंग बोर्ड, ओसियां, सुखराम नगर, रातानाडा पंचवटी, श्रीराम नगर, कबूतरों का चौक, ब्रह्मपुरी सुनारों की गली, व्यास पार्क चांदपोल, उम्मेद हेरिटेज, सुनारों का बास सिलावटों की मस्जिद, छीपा कॉलोनी, बाघला, माता का थान, आडा बाजार, पावटा सी रोड, नयापुरा ओसियां, रिया, पीपाड़ सिटी, कुम्हारों का बास फलोदी, पीपाड़ सिटी, नागौरी गेट सहित अन्य क्षेत्र।
होम आइसोलेशन संक्रमितों की पहली पसंद, 187 डिस्चार्ज
डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज संबद्ध अस्पतालों से 2 और होम आइसोलेशन से मंगलवार को 185 मरीज डिस्चार्ज हुए हैं। जबकि जोधपुर में इन दिनों ज्यादातर संक्रमित खुद को अस्पताल जाने की बजाय होम आइसोलेशन रखना ज्यादा पसंद कर रहे है। जबकि प्रशासन भी हाई रिस्क व गंभीर संक्रमितों को ही अस्पताल ला रहा है।
कोरोना मीटर
अस्पताल- एमडीएम, एम्स जोधपुर, एमजीएच, बोरानाडा कोविड सेंटर
कुल पॉजिटिव भर्ती-1625
पॉजिटिव से नेगेटिव-5566
डिस्चार्ज-5565
कुल मौतें-105