
जोधपुर.
महामंदिर थाना पुलिस ने सायंकालीन गश्त के दौरान मोटरसाइकिल सवार संदिग्ध युवक को पकड़ा तो उससे चोरी की छह मोटरसाइकिलें बरामद हुईं। आरोपी को गिरफ्तार कर अन्य वारदातों के बारे में पूछताछ की जा रही है।
सहायक पुलिस आयुक्त (पूर्व) दरजाराम बोस ने बताया कि अपराधियों की धरपकड़ व एमवी एक्ट की कार्रवाइयों के लिए शुरू की गई सायंकालीन गश्त के दौरान अशोक को पकड़ा गया। उसके पास मिली मोटरसाइकिल के बारे में वह कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सका। थानाधिकारी लेखराज सिहाग के नेतृत्व में उससे पूछताछ की गई तो बाइक चोरी की निकली। उससे पूछताछ के बाद चोरी की पांच मोटरसाइकिल और बरामद की गई। उसने गत ३० जनवरी को खटीक मोहल्ला निवासी मयंक पुत्र दिनेश खटीक की मोटरसाइकिल भी चुराई थी।
इस मामले में खेड़ापा थानान्तर्गत बिराई निवासी अशोक (२३) पुत्र कोजाराम को गिरफ्तार किया गया। उसने अलग-अलग जगहों से छह बाइक चुराना कबूल किया है।