
जोधपुर.
नवजीवन क्रेडिट कॉ-ऑपरेटिव सोसायटी ने एसबीआइ से सेवानिवृत्त अधिकारी व उसके परिजन से 60 लाख रुपए की धोखाधड़ी कर ली। सोसायटी का ऑफिस बंद होने व पदाधिकारियों के पकड़े जाने पर पीडि़त ने प्रतापनगर थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया।
पुलिस के अनुसार पावटा सी रोड निवासी पूरणचंद पुत्र प्रतापचंद व्यास ने कोर्ट में पेश इस्तगासे के आधार पर नवजीवन क्रेडिट कॉ-ऑपरेटिव सोसायटी के एमडी गिरधरसिंह, संतोष जोशी, जोगेन्दर सिंह राठौड़, कानसिंह मारूड़ी व दिनेश शर्मा के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया।
सेवानिवृत्त एसबीआइ अधिकारी का आरोप है कि आरोपियों के झांसे में आकर पूरणचंद ने 27 फरवरी 2017 को एफडी के लिए 2.04 लाख रुपए जमा कराए थे। पत्नी के नाम पर दो-दो लाख की तीन, 8.25 लाख रुपए, 6 लाख रुपए, 1.25 लाख रुपए एफडीआर कराई थी। पुत्रवधू के नाम 40 हजार, 3.50 लाख, 1.08 लाख और 76 हजार रुपए की एफडीआर कराई गई थी। पुत्री सुधा के नाम आठ लाख, पुत्र के नाम दो-दो लाख की तीन एफडीआर कराई थी। वहीं, बचत खाते में 2,95,866 रुपए, पत्नी के बचत खाते में 2,39,911 लाख रुपए जमा कराए गए थे। पत्नी के नाम शेयर के रूप में 2.37 लाख, पुत्री दक्षा के नाम 5 लाख व दामाद अनिल के नाम 10 लाख रुपए निवेश किए गए थे। अब सोसायटी के कार्यालय बंद हैं। एमडी गिरफ्तार हो चुके हैं।