
जोधपुर. सावन के अंतिम दिन जोधपुर जिले पर मानसून की मेहर रही। जिले के अधिकांश गांव-ढाणियों में मेघ बरसे। भोपालगढ़ में 66 मिलीमीटर बारिश से खेतों पर पानी कर गया। करीब महीने भर बाद बारिश देखकर किसानों की बांछें खिल गई। तिंवरी और ओसियां में एक-एक इंच और जोधपुर में करीब आधा इंच बारिश हुई। बाड़मेर, जालोर और जैसलमेर में कोई खास बारिश नहीं हुई। पाली में इक्का-दुक्का स्थान पर बरसात हुई। जिले के मारवाड़ जंक्शन में 50 मिमी और रानी में 3 मिमी बारिश मापी गई। नागौर जिले में भी मेघ मल्हार रहा। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी और आसपास के क्षेत्रों में बना कम दबाव का क्षेत्र कमजोर पडऩे के कारण अब सोमवार से बारिश की संभावना नहीं है। भाद्रपद की शुरुआत केवल बादलों से ही होगी। अब नया सिस्टम बनने पर ही बारिश होने से आसार है।
उमस में उड़ाई पड़ी पतंगें, पसीना-पसीना हुए लोग
सूर्यनगरी में रविवार सुबह से ही बरसाती मौसम बना हुआ था। सुबह-सुबह हल्की बूंदाबांदी हुई। न्यूनतम तापमान 26 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। इसके बाद बादलों की आवाजाही और हवा बंद होने से उमस व्याप्त हो गई। उमस के कारण शहरवासियों के पसीने छूट पड़े। रक्षाबंधन के मौके पर घर की छतों पर पतंग उड़ाने के लिए आए शहरवासी की उमस ने हालत खराब कर दी। हवा बंद होने से पतंगें भी आसमां की ओर से नहीं जा रही थी। दोपहर बाद हवा चलने और बरसाती बादल आने से मौसम एक बार फिर से खुशगवार होना शुरू हुआ। दोपहर 2.30 बजे से बारिश का सिलसिला शुरू हुआ जो शाम तक रुक-रुक कर चलता रहा। बरसाती मौसम के कारण अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री मापा गया।
24 दिन बाद ऐसी बारिश
सूर्य नगरी में 29 सितंबर को अच्छी खासी बारिश हुई थी। इसके बाद 4 अगस्त को हल्की बारिश हुई। उसके बाद मौसम लगभग सूखा ही रहा। करीब महीने भर बाद हुई झमाझम बारिश का शहर वासियों ने स्वागत किया। बारिश के कारण मौसम सुहाना हो गया।
पर्यटन स्थलों पर उमड़ी भीड़
रविवार और रक्षाबंधन का अवकाश होने और मौसम सुहाना होने के बाद शाम को शहर के पर्यटन स्थलों पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। शास्त्री सर्कल, मंडोर उद्यान, कायलाना व सूरसागर बांध में शहरवासियों ने पिकनिक का मजा लिया।
कहां-कितनी बारिश
स्थान ----- बारिश (मिमी)
जोधपुर ----- 10
भोपालगढ़ ----- 66
तिंवरी ----- 30
ओसियां ----- 20
बावड़ी ----- 7
बापिणी ----- 3
..........................
मारवाड़ के अन्य स्थानों पर बरसात
स्थान ----- बारिश (मिमी)
मारवाड़ जंक्शन---- 50
रानी ---------- 3
मूण्डवा ---------- 49
खींवसर ---------- 17
कुचामन ---------- 13
जायल ---------- 5