जोधपुर

एक साल में दुगुने का लालच देकर वृद्ध से 67 लाख रुपए ठगे

- बचत योजना के झांसे में आकर पुत्रियों की राशि की थी निवेश
less than 1 minute read
Oct 24, 2023
एक साल में दुगुने का लालच देकर वृद्ध से 67 लाख रुपए ठगे
एक साल में दुगुने का लालच देकर वृद्ध से 67 लाख रुपए ठगे

जोधपुर।
रातानाडा थानान्तर्गत भास्कर चौराहे के पास महावीर कॉलोनी के अरविंद नगर में एक साल में दुगुना करने का झांसा देकर सेवानिवृत्त कर्मचारी से 67.5 लाख रुपए ऐंठ लिए गए। साल होने पर निवेश राशि का प्रतिफल न मिलने पर वृद्ध को संदेह हुआ। दबाव डालने पर निवेश राशि लौटाने के लिए चेक दिए गए, लेकिन वो भी अनादरित हो गए।
पुलिस के अनुसार अरविंद नगर निवासी कंवरीलाल पुत्र श्रीराम जांगिड ने नांदड़ी में लक्ष्मण नगर ए निवासी मोहनसिंह पुत्र सोहनसिंह राठौड़ के खिलाफ 67.50 लाख रुपए की धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया है। आरोप है कि वर्ष 2020 में मोहनसिंह ने उनसे सम्पर्क किया था और खुद को एसएमएल कंपनी का संचालक बताया था। उसने एसएमएल-1 प्लस फाइब एण्ड फाइव लाइफ प्लान बताया। जिसमें निवेश करने पर एक साल में दुगुना होने और दुगुनी राशि का 75 प्रतिशत एक साल में खाते में जमा होने की जानकारी दी थी। साथ ही मूल राशि का 20 प्रतिशत 5 साल तक प्रतिवर्ष बैंक खाते में जमा होने का भी भ्रोसाल दिया गया था। झांसे में आकर वृद्ध ने एक पुत्री के चेक से 28 अक्टूबर 2020 और 2 नवम्बर 2020 को 15-15 लाख रुपए के चेक दिए। वहीं, दूसरी पुत्री के नाम से 24 नवम्बर को 15 लाख रुपए का चेक दिया था। 22 लाख 500 रुपए और निवेश किए गए थे। एक साल पूर्ण होने पर बैंक खातों में कोई प्रतिफल राशि जमा नहीं हुई। संदेह होने पर वृद्ध ने मोहनसिंह से सम्पर्क किया, लेकिन बात नहीं हो पाई। दबाव डालने पर आरोपी ने 45 लाख व 22 लाख 50 हजार रुपए के दो चेक दिए थे, लेकिन दोनों चेक अनादरित हो गए थे। इसके बाद आरोपी से बात नहीं हो पा रही है।

Updated on:
24 Oct 2023 11:53 pm
Published on:
24 Oct 2023 11:53 pm