
जोधपुर।
राज्य सरकार की ओर से कृषि उपभोक्ताओं को टेरिफ अनुदान के साथ अब प्रतिमाह एक हजार रुपये का अनुदान बिल में मिलेगा। इस सम्बन्ध में निगम की ओर से फ ील्ड अधिकारियों को कृषि उपभोक्ताओं को इस योजना का लाभ देने के निर्देश दिए गए है। ब्लॉक अवर सप्लाई से जुड़े कृषि उपभोक्ता, जिसमें मीटर व फ्लेट रेट श्रेणी के उपभोक्ता भी शामिल है, को प्रतिमाह एक हजार रुपए व 12 हजार रुपए प्रतिवर्ष विद्युत बिल में अनुदान दिए जाएगे। विद्युत बिलों का निर्धारित समय पर भुगतान करने पर ही इस योजना का लाभ कृषि उपभोक्ताओं को मिलेगा। इसके अलावा मई 2021 बकाया राशि का भुगतान करने के बाद ही इस योजना का लाभ देय होगा। इसके अलावा कोई कृषि उपभोक्ता विद्युत चोरी या विद्युत का दुरूपयोग करता पाया जाता है तो संबंधित कृषि उपभोक्ता की ओर से जुर्माने की सम्पूर्ण राशि के भुगतान के बाद आगामी विद्युत बिलों में देय होगी।
आधार नम्बर, बैंक खाता नम्बर विद्युत खातों में जुड़वाना जरुरी
जोधपुर डिस्कॉम के अधीक्षण अभियन्ता पीएस चौधरी ने बताया कि योजना के तहत कृषि उपभोक्ताओं को अपने आधार नम्बर व बैंक खाता नम्बर विद्युत खाता में जुड़वाना जरुरी है। फि र भी इसमें लगने वाले समय के मद्देनजर जुलाई 2022 तक आधार नम्बर व बैंक खाता संख्या विद्युत खाते में नहीं जुड़ पाने के बावजूद कृषि उपभोक्ताओं को इस योजना का लाभ देय होगा।