
अविनाश केवलिया/जोधपुर. 14वीं विधानसभा का कार्यकाल पूरा होने जा रहा है। विधायकों को जनता उनके द्वारा करवाए गए कार्य के हिसाब से ही याद रखती है। लेकिन विधायक अपने क्षेत्र की बात किस हद तक और कितनी बार सदन में उठाते हैं यह भी मायने रखता है। एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिर्फोम्स (एडीआर) ने पिछली विधानसभा का विश्लेषण जारी किया है। एडीआर ने विधायकों के पांच साल का लेखा-जोखा जारी किया है। इसके अनुसार जोधपुर के 10 में से 8 विधायक करोड़पति हैं। जबकि उपस्थिति के मामले में 10 में से 3 विधायक बहुत पीछे हैं। सवाल पूछने में शेरगढ़ विधायक बाबूसिंह सबसे अव्वल हैं। पूरे प्रदेश में सवाल पूछने में वे पांचवे स्थान पर है।
ये हैं करोड़पति विधायक
लोहावट विधायक गजेन्द्रसिंह खींवसर की सम्पत्ति सर्वाधिक 7 करोड़ से अधिक है। ओसियां विधायक भैराराम चौधरी 5 करोड़ से अधिक के मालिक हैं। लूणी विधायक जोगाराम पटेल 4 करोड़, शेरगढ़ विधायक बाबूसिंह राठौड़ और जोधपुर शहर विधायक कैलाश भंसाली की सम्पत्ति 3 करोड़ से अधिक है। इसके अलावा सूरसागर विधायक सूर्यकांता व्यास और पूर्व मुख्यमंत्री व सरदारपुरा विधायक अशोक गहलोत भी करोड़पति क्लब में शामिल हैं। इनकी सम्पत्ति एक करोड़ से अधिक है।
सिर्फ इनकी सम्पत्ति ही एक करोड़ से नीचे
फलोदी विधायक पब्बाराम विश्नोई की सम्पत्ति 73 लाख से अधिक है और भोपालगढ़ विधायक कमसा मेघवाल 20 लाख के करीब की सम्पत्ति की मालिक है।
ये हैं उपस्थिति में अव्वल
जोधपुर के 10 विधायकों में से उपस्थिति के मामले में फलोदी विधायक पब्बाराम विश्नोई अव्वल हैं। इनकी उपस्थिति 124 दिन है। दूसरे स्थान पर शहर विधायक कैलाश भंसाली हैं। सबसे कम उपस्थिति खेल मंत्री खींवसर की बताई गई है।
सवाल पूछने में यह अव्वल
सवाल पूछने में शेरगढ़ विधायक राठौड़ अव्वल हैं। उन्होंने 604 सवाल पूछे हैं। लूणी विधायक पटेल इसके बाद दूसरे स्थान पर है, इन्होंने 572 सवाल पूछे हैं। शहर विधायक भंसाली तीसरे स्थान पर हैं। इन्होंने 525 सवाल पूछे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत ने एक भी सवाल नहीं पूछा।
(स्रोत एडीआर सर्वे रिपोर्ट)