जोधपुर

नमाज पढ़कर घर जा रहे हिस्ट्रीशीटर की तलवार से हत्या

-जुए को लेकर दो हिस्ट्रीशीटर में चल रह था विवाद-आरोपी पुलिस हिरासत में
less than 1 minute read
नमाज पढ़कर घर जा रहे हिस्ट्रीशीटर की तलवार से हत्या
नमाज पढ़कर घर जा रहे हिस्ट्रीशीटर की तलवार से हत्या

जोधपुर. सदर कोतवाली थाना क्षेत्र के लायकान मोहल्ले में गुरुवार अपराह्न तीन बजे बाद नमाज पढ़कर घर जा रहे एक हिस्ट्रीशीटर ने दूसरे हिस्ट्रीशीटर की तलवार से कर हमला कर हत्या कर दी। आरोपी ने हिस्ट्रीशीटर पर तलावार से करीब एक दर्जन वार किए। गंभीर घायल हिस्ट्रीशीटर को एमजीएच अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मृतक का मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवा आरोपी व उसके साथियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी को शाम को उसके भाई के साथ हिरासत में ले लिया।
मृतक के पुत्र यूनुस की ओर से पुलिस में दर्ज रिपोर्ट के अनुसार उसके पिता नूर मोहम्मद (65) गुरुवार दोपहर नमाज पढ़ कर बाइक से घर जा रहे थे। इस दौरान पाल हवेली के पास आरोपी व उसके कुछ साथियों ने पिता पर तलवार से हमला कर दिया। करीब एक दर्जन वार से नूर मोहम्मद गंभीर घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद पुलिस ने आरोपी सुल्तान को उसके हिस्ट्रीशीटर भाई लियाकत के साथ किला रोड पर पकड़ लिया। दोनों शहर से फरार होने की फिराक में थे। पुलिस ने आरोपी हिस्ट्रीशीटर लायकान निवासी सुल्तान पुत्र अहमद हुसैन व उसके पांच साथियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है।

जुए को लेकर थी रंजिश

आरोपी सुल्तान व मृतक नूर मोहम्मद सदर कोतवाली थाना क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर हैं। दोनों के खिलाफ करीब दो दर्जन से ज्यादा मामले दर्ज हैं। कुछ माह पहले आरोपी सुल्तान के भाई ने नूर मोहम्मद के खिलाफ जुआघर चलाने की शिकायत की थी। इस पर पुलिस ने कार्रवाई भी की थी। इसके बाद से दोनों के बीच विवाद चल रहा था।

Published on:
28 Nov 2019 09:53 pm