जोधपुर

एसीबी ने टोल प्लाजा पर आकस्मिक जांच में सहायक लेखाधिकारी को पकड़ा, 3.94 लाख रुपए किये जब्त

- ग्राम पंचायतों की ऑडिट में रिश्वत वसूलने का अंदेशा- जांच में मिले 1.79 लाख रुपए जब्त- मकान की तलाशी में 2.15 लाख रुपए जब्त
less than 1 minute read
Jul 18, 2020
एसीबी ने टोल प्लाजा पर आकस्मिक जांच में सहायक लेखाधिकारी को पकड़ा, 3.94 लाख रुपए किये जब्त
एसीबी ने टोल प्लाजा पर आकस्मिक जांच में सहायक लेखाधिकारी को पकड़ा, 3.94 लाख रुपए किये जब्त

जोधपुर. भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की सिरोही टीम ने जालोर में जसवंतपुरा टोल प्लाजा पर शनिवार सुबह सहायक निधि अंकेक्षण विभाग के सहायक लेखाधिकारी मूलचंद पालीवाल से आकस्मिक जांच में 1.79 लाख रुपए, एलइडी टीवी, छत पंखा व सरकारी दस्तावेज जब्त किए। सांगरिया फांटा के पास रतन मुनि नगर स्थित मकान की आकस्मिक तलाशी में 2.15 लाख रुपए अतिरिक्त जब्त किए गए। देर शाम पूछताछ के बाद सहायक लेखाधिकारी को छोड़ा गया।

ब्यूरो के उप महानिरीक्षक डॉ विष्णुकांत ने बताया कि मूलत: लोहावट में छिला गांव हाल रतन मुनि नगर निवासी मूलचंद पालीवाल पुत्र अमरचंद निधि अंकेक्षण विभाग के अतिरिक्त निदेशक कार्यालय में सहायक लेखाधिकारी प्रथम है। उसे १८ मार्च से ३० मई तक जालोर जिले की जसवंतपुरा पंचायत समिति के विकास अधिकारी व २९ ग्राम पंचायतों के वर्ष २०१७-१९ के लेखों का अंकेक्षण या ऑडिट (मय भण्डार या भौतिक सत्यापन) करने के लिए सहकर्मी प्रकाशदान के साथ अधिकृत किया गया था। लॉक डाउन की वजह से यह अवधि ७ जुलाई तक बढ़ा दी गई थी। सहायक लेखाधिकारी के ग्राम पंचायतों के अंकेक्षण में रिश्वत राशि लेकर जसवंतपुरा से जोधपुर रवाना होने की सूचना मिली।

सिरोही एसीबी के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त नारायणसिंह के नेतृत्व में एसीबी ने सुबह पौने आठ बजे कार में सवार सहायक लेखाधिकारी मूलचंद पालीवाल को जसवंतपुरा टोल प्लाजा पर पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर १,७९,६३० रुपए, ४३ इंच की एलइडी टीवी, एक छत पंखा व सरकारी दस्तावेज मिले। कोई संतोषजनक जवाब न मिलने पर एसीबी ने रुपए, एलइडी टीवी, छत पंखा जब्त कर लिया।

Published on:
18 Jul 2020 06:45 pm