जोधपुर

Accident : हादसे के बाद होटल संचालक ने रखवाई थी क्षतिग्रस्त बाइक

- मोटरसाइकि की चपेट से बाइक सवार वृद्ध की मौत का मामला- पत्रिका की खबर का असर
2 min read
Oct 01, 2022
Accident : हादसे के बाद होटल संचालक ने रखवाई थी क्षतिग्रस्त बाइक
खबर की ईपीएस

जोधपुर।
सरदारपुरा थानान्तर्गत (Police station Sardarpura) शनिश्चरजी का स्थान से 5वीं रोड के बीच होटल के सामने सड़क हादसे में वृद्ध की मौत (Old man died in road accident) के मामले में होटल संचालक ने क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल सुरक्षित रखवाई थी। इस संबंध में गुरुवार को राजस्थान पत्रिका में समाचार प्रकाशित होने के बाद होटल संचालक ने पुलिस को फोन कर इस संबंध में सूचना दी।
पुलिस ने बताया कि डोली गांव निवासी रूपाराम (65) पुत्र सालगराम पटेल अपनी पोती पूजा (14) के स्वास्थ्य की जांच कराने महात्मा गांधी अस्पताल आए थे, जांच कराने के बाद गत 25 सितम्बर को दादा व पोती मोटरसाइकिल पर गांव के लिए रवाना हुए थे। शनिश्चरजी का स्थान से 5वीं रोड सर्कल के बीच निजी बैंक के सामने होटल के आगे एक अन्य मोटरसाइकिल से रूपाराम के बाइक की टक्कर हो गई थी।
जिससे दादा व पोती घायल हो गए थे। उन्हें महात्मा गांधी अस्पताल ले जाया गया था, जहां जांच के बाद रूपाराम को मथुरादास माथुर अस्पताल रैफर किया गया था। इलाज के दौरान रूपाराम की मौत हो गई थी।
तत्पश्चात परिजन मौके पर पहुंचे तो बाइक नहीं मिली थी। जिससे वो और अधिक परेशान हो गए थे। एफआइआर दर्ज करवाने व कार्रवाई के बाद परिजन शव गांव ले गए थे।
पत्रिका की खबर पर होटल संचालक ने दी सूचना
राजस्थान पत्रिका ने गुरुवार के अंक में मोटरसाइकिल चपेट से घायल वृद्ध की मौत, पोती घायल शीर्षक से समाचार प्रकाशित किया था। जिसमें हादसे के बाद बाइक गायब होने का भी उल्लेख किया गया था। यह समाचार पढ़ होटल के मालिक कमल भावनानी ने थानाधिकारी सोमकरण को फोन कर मृतक की बाइक होटल में सुरक्षित रखी होने की सूचना दी। तब पुलिस ने राहत की सांस ली। होटल संचालक का कहना है कि हादसा होने पर दूसरी बाइक चालक व होटल गार्ड के साथ वृद्ध को अस्पताल भिजवाया था। चूंकि चाबी बाइक में ही लगी थी। ऐसे में बाइक होटल परिसर में सुरक्षित रखवाई थी।

Published on:
01 Oct 2022 11:03 am