Jodhpur News: जोधपुर में बगैर आवेदन के तत्कालीन उपायुक्त और महापौर के फर्जी हस्ताक्षर से बनाया था फर्जी पट्टा, पता लगने पर निगम ने पट्टा निरस्त करवाया था।
Jodhpur News: जोधपुर नगर निगम (दक्षिण) से पट्टा चोरी करने के बाद हूबहू प्रिंट निकलवाकर फर्जी पट्टा बनाने के मामले में भगत की कोठी थाना पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया। अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है।
पुलिस के अनुसार नगर निगम उपायुक्त के निजी सहायक ने गत 8 जून को जोधपुर के रातानाडा में अफसर मैस के सामने शेर विलास कॉलोनी निवासी सुल्तान सिंह के खिलाफ धोखाधड़ी से फर्जी पट्टा बनाने का मामला दर्ज कराया था। जांच में आरोप प्रमाणित पाए जाने पर पुलिस ने सोमवार को शेर विलास कॉलोनी निवासी सुल्तान सिंह पुत्र स्वरूप सिंह राठौड़ को गिरफ्तार किया। उससे पूछताछ कर फर्जीवाड़े में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है।
गौरतलब है कि सुल्तान सिंह ने महेश छात्रावास के पीछे जगदम्बा कॉलोनी में एक भूखण्ड का पट्टा फर्जी बनवा लिया था। इसका पता लगने पर निगम ने पट्टा निरस्त करवाया था। निगम से पट्टा चोरी करने के बाद हूबहू प्रिंट निकवाया गया था। फिर उस पर ऑरिजनल डिस्पैच नम्बर अंकित कर दिए गए थे। तत्कालीन उपायुक्त व महापौर के फर्जी हस्ताक्षर भी कर दिए गए थे। जो सामान्य शाखा से जारी भी कर दिया गया था। इस संबंध में राजस्थान पत्रिका ने समाचार प्रकाशित कर गड़बड़ी उजागर की थी।