28 मई 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Jodhpur: जोधपुर में रिटायर्ड अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने किया सुसाइड, एक सप्ताह पहले ही शिफ्ट हुए थे नए घर में

जोधपुर के लालसागर इलाके में रिटायर्ड अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। बीमारी और मानसिक तनाव से परेशान बताए जा रहे पूर्व अधिकारी हाल ही में नए घर में रहने आए थे।

2 min read
Google source verification
Jodhpur suicide case

दशरथसिंह चारण। फाइल फोटो- पत्रिका

जोधपुर। मंडोर थाना क्षेत्र के लालसागर इलाके में गुरुवार शाम रिटायर्ड अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार रिटायर्ड एएसपी लंबे समय से बीमारी से परेशान थे और इसी कारण मानसिक तनाव में चल रहे थे। घटना की सूचना मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। आसपास के लोग भी घटना से स्तब्ध नजर आए।

यह वीडियो भी देखें

मंडोर थानाधिकारी शेषकरण ने बताया कि नागौर जिले के शिवपुरा निवासी दशरथसिंह चारण करीब एक साल से बीमारी से जूझ रहे थे। बीमारी के चलते वे डिप्रेशन में रहने लगे थे। गुरुवार दोपहर उनकी पत्नी पड़ोस में आयोजित एक धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने गई थीं। करीब साढ़े तीन बजे जब वह वापस घर लौटीं तो उन्होंने पति को कमरे में फंदे पर लटका देखा। यह देखकर उनके होश उड़ गए।

डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित किया

उन्होंने तुरंत परिजनों और पड़ोसियों को सूचना दी। इसके बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और दशरथसिंह को नीचे उतारकर तुरंत पावटा अस्पताल लेकर गए। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम भी अस्पताल पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

जोधपुर में बनाया नया घर

जानकारी के अनुसार दशरथसिंह चारण की अधिकतर पोस्टिंग जयपुर में रही थी। पिछले कुछ वर्षों से वे जयपुर के सोडाला क्षेत्र में रह रहे थे। हाल ही में उन्होंने जोधपुर के लालसागर इलाके में नया घर बनवाया था और करीब एक सप्ताह पहले ही पत्नी के साथ यहां रहने के लिए आए थे। उनका बेटा दिल्ली में अधिकारी के पद पर कार्यरत है और वहीं रहता है। जोधपुर में दशरथसिंह अपनी पत्नी के साथ अकेले रह रहे थे। उनका ससुराल भी जोधपुर के पास मथानिया में बताया जा रहा है।

घर में पसरा मातम

घटना के बाद घर में मातम छा गया। सूचना मिलने पर परिजन, रिश्तेदार और परिचित उनके घर पहुंचने लगे। पुलिस अधिकारियों ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने देर रात शव का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। गौरतलब है कि इससे पहले कुड़ी गांव स्थित एक सरकारी स्कूल में वरिष्ठ शिक्षक ने आत्महत्या कर ली थी।